सवाई माधोपुर, 17 नवम्बर। जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) को प्रभावी बनाने के लिए सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सभी निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित कर्मियों को मतदाता गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन तथा ऑनलाइन भराई के कार्य में समयबद्ध एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने कहा कि एसआईआर-2026 कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूचियों की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ), बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और अन्य कर्मियों को फील्ड में सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज करने और मतदाताओं को ऑनलाइन भरने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।

काना राम ने बताया कि जिले में वर्तमान में कुल 10,54,343 मतदाता पंजीकृत हैं। बीएलओ द्वारा 10,49,224 गणना प्रपत्र (ईएफ) वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 99.51 प्रतिशत है। गंगापुर सिटी में 2,74,570, बामनवास में 2,51,933, सवाई माधोपुर में 2,65,517 और खंडार में 2,57,204 मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंचाए गए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि अब तक 3,82,363 से अधिक प्रपत्र मतदाताओं से एकत्रित कर लगभग 38.33 प्रतिशत प्रपत्र ऑनलाइन दर्ज कर लिए गए हैं। गंगापुर सिटी में 91,192, बामनवास में 1,18,417, सवाई माधोपुर में 1,02,877 और खंडार में 81,682 प्रपत्र ऑनलाइन किए जा चुके हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 1 जनवरी, 2026 को पात्रता तिथि मानते हुए सभी 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के भारतीय नागरिकों, जो किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत नहीं हैं, के नाम भी मतदाता सूची में जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे स्वयं अपने गणना प्रपत्र ऑनलाइन भरें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में योगदान दें।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग, समस्त बाल परियोजना अधिकारी और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story