सवाई माधोपुर में नगरीय निकायों एवं पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर निर्वाचन प्रचार सामग्री के मुद्रण पर प्रशासन ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम ने मुद्रकों, प्रकाशकों तथा मुद्रणालयों के संचालकों एवं प्रबंधकों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 127-क और राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशों की अनिवार्य रूप से पालना सुनिश्चित करने को कहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार प्रत्येक निर्वाचन पुस्तिका, पोस्टर अथवा ऐसी अन्य निर्वाचन सामग्री के मुद्रीय हाशिये पर मुद्रक एवं प्रकाशक का नाम तथा पता स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा। निर्वाचन पुस्तिका, पोस्टर आदि के मुद्रण का कार्य स्वीकार करने से पहले प्रत्येक मुद्रक को प्रकाशक से परिशिष्ट-क में निर्धारित प्रारूप में हस्ताक्षरित घोषणा-पत्र प्राप्त करना आवश्यक होगा।

यह घोषणा-पत्र ऐसे दो व्यक्तियों द्वारा सत्यापित किया जाएगा, जो प्रकाशक को व्यक्तिगत रूप से जानते हों। जिला निर्वाचन अधिकारी को घोषणा-पत्र भेजते समय मुद्रक द्वारा भी उसे प्रमाणित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रकाशक से प्राप्त घोषणा-पत्र (परिशिष्ट-क) तथा मुद्रित निर्वाचन सामग्री की तीन प्रतियां मुद्रण के तीन दिवस के भीतर परिशिष्ट-ख सहित जिला निर्वाचन अधिकारी, सवाई माधोपुर को प्रेषित करनी होंगी।

लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 127-क के प्रावधानों और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर राज्य के सुसंगत नियमों के तहत मुद्रणालय का अनुज्ञा-पत्र समाप्त करने सहित अन्य वैधानिक एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

निर्वाचन प्रचार सामग्री के मुद्रण से जुड़े सभी पक्षों के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन अनिवार्य किया गया है, ताकि चुनाव-2026 के दौरान प्रचार सामग्री के प्रकाशन और मुद्रण से संबंधित नियमों का उल्लंघन न हो।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story