पंचायत राज संस्थाओं एवं नगरीय निकायों के आगामी आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर सवाई माधोपुर जिला प्रशासन ने चुनावी व्यवस्था को मजबूत करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने जिले के सभी कार्यालयाध्यक्षों, संस्थाप्रधानों और आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विवरण ईएमएस (Employee Management System) पोर्टल पर 1 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान दलों के गठन के लिए एनआईसी द्वारा विकसित ईएमएस पोर्टल पर सभी कार्मिकों का अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक डीडीओ को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने कार्यालय और वहां कार्यरत कर्मचारियों का पूरा विवरण पोर्टल पर अपडेट करना होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया केवल चुनाव ड्यूटी के लिए पात्र कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का विवरण अनिवार्य रूप से अद्यतन किया जाना है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों एवं डीडीओ को निर्देश दिए हैं कि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 1 अगस्त तक हर हाल में पूरा कराया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा तक डेटा अपडेट नहीं करने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने बताया कि पोर्टल से संबंधित किसी भी तकनीकी सहायता के लिए जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।

आगामी पंचायत राज संस्थाओं एवं नगरीय निकायों के आम चुनाव-2026 के लिए मतदान दलों के गठन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के उद्देश्य से प्रशासन ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्मिकों का रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश जारी किए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story