छह माह से बंद बुजुर्ग की पेंशन फॉलोअप शिविर में हुई शुरू, चेहरे पर लौटी मुस्कान
सवाई माधोपुर के फॉलोअप शिविर में छह माह से बंद बुजुर्ग राधेश्याम जागा की पेंशन शुरू हुई, प्रशासनिक पहल से मिली राहत।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के शहरी सेवा शिविर में अधिकारी बुजुर्ग राधेश्याम जागा को दस्तावेज सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर में राज्य सरकार के निर्देश पर आयोजित शहरी सेवा शिविर अभियान के तहत फॉलोअप शिविर में एक बुजुर्ग की छह माह से बंद पेंशन फिर से शुरू कर दी गई। पेंशन चालू होने की सूचना मिलते ही बुजुर्ग की आंखों में राहत और चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
शहरी सेवा शिविर अभियान के तहत 21 जुलाई से 31 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे फॉलोअप शिविरों में बुधवार को नगर परिषद सवाई माधोपुर में लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसी दौरान नीमली रोड तिलक नगर निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग राधेश्याम जागा पुत्र बजरंग लाल जागा अपनी रुकी हुई पेंशन की समस्या लेकर शिविर में पहुंचे।
राधेश्याम जागा पिछले छह माह से पेंशन शुरू करवाने के लिए विभाग के चक्कर लगा रहे थे। फॉलोअप शिविर में समस्या समाधान की जानकारी मिलने पर उन्होंने नगर परिषद के आयुक्त दलीप पूनिया से अपनी पेंशन शुरू करवाने की गुहार लगाई।
इस पर आयुक्त दलीप पूनिया ने बुजुर्ग को आश्वस्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से सभी प्रक्रियाएं पूरी कर पेंशन चालू करवाने के निर्देश दिए। कर्मचारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही आवश्यक अपडेट करवाए और वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी की।
छह माह से पेंशन के लिए परेशान राधेश्याम जागा की शिविर में ही पेंशन शुरू होने के बाद उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आई। उन्होंने कहा कि अब पेंशन से उन्हें जीवन यापन करने में मदद मिलेगी।
राधेश्याम जागा ने इसके लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, शिविर नोडल प्रभारी विजेंद्र मीणा, सह नोडल प्रभारी रितु शर्मा, पेंशन प्रभारी रीना नागर, किशन महावर तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से छात्रावास अधीक्षक वंदना सिंहल का भी आभार व्यक्त किया।
फॉलोअप शिविर में लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण से आमजन को राहत मिल रही है। इसी क्रम में राधेश्याम जागा की पेंशन बहाली से उन्हें लंबे समय से चली आ रही परेशानी से निजात मिली।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
