सवाई माधोपुर: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मनाया गया विश्व पृथ्वी दिवस
केंद्रीय संचार ब्यूरो ने मानटाउन के विद्यालय में संगोष्ठी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

सवाई माधोपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित संगोष्ठी के दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी अधिकारी नेमीचंद मीणा और उपस्थित शिक्षक।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय सवाई माधोपुर की ओर से विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में संगोष्ठी और प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
ब्यूरो के प्रभारी अधिकारी नेमीचंद मीणा ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी लाखों लोगों, असंख्य पौधों और जानवरों की प्रजातियों का घर है, जहां महासागर और भूमि असंख्य जीवों को आवास प्रदान करते हैं। उन्होंने मानव अस्तित्व के लिए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए इस ग्रह को बचाने की आवश्यकता रेखांकित की। उन्होंने बताया कि हर वर्ष 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य पृथ्वी पर हो रहे परिवर्तनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि यदि सभी मिलकर छोटे-छोटे कदम उठाएं तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
नेमीचंद मीणा ने विभागीय जानकारी देते हुए स्वच्छ भारत अभियान, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और बाल विवाह जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखे और उपस्थित छात्र-छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य बबलू गुर्जर ने कहा कि वर्तमान में विश्व जलवायु परिवर्तन, जंगलों की कटाई, प्राकृतिक संसाधनों की कमी और जैव विविधता के नुकसान जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी दिवस यह संदेश देता है कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं। उन्होंने पेड़ लगाने, स्वच्छ ऊर्जा अपनाने, कचरा कम करने, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने, वृक्षारोपण कार्यक्रमों में भाग लेने, जल संरक्षण करने और पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने सभी से सफाई अभियानों में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में पुष्पेंद्र उपाध्यक्ष मदन मोहन शर्मा ने भी पृथ्वी दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से उपस्थित जनसमूह के बीच मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से पृथ्वी की रक्षा करने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली।
फोटो कैप्शन :- 22 पीआरओ 11 विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में संगोष्ठी को सम्बोधित करते।
फोटो कैप्शन :- 22 पीआरओ 12 विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित करते।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
