सवाई माधोपुर में एलजीबीटीक्यूआईए प्लस समुदाय के अधिकारों, दहेज उत्पीड़न की रोकथाम और न्यायिक निर्णयों में लैंगिक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम की अध्यक्षता में एडीआर सेंटर, सवाई माधोपुर में प्रशिक्षण एवं संवेदनशीलता सत्र हुआ।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव समीक्षा गौतम ने एलजीबीटीक्यूआईए प्लस समुदाय के अधिकारों, उनके विधिक संरक्षण और उन्हें उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। चिकित्सा विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों में एलजीबीटीक्यूआईए प्लस समुदाय के व्यक्तियों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की।

प्रशिक्षण के दौरान दहेज उत्पीड़न की रोकथाम, दहेज निषेध अधिनियम 1961 और घरेलू हिंसा से महिला का संरक्षण अधिनियम 2005 के प्रावधानों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को दहेज उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों, ऐसे मामलों में पीड़ितों की पहचान, उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता और शिकायत निवारण तंत्र के बारे में जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में ‘जजमेंट एंड जेंडर-सेंसिटिविटी एंड कम्पैशन इन राइटिंग जजमेंट’ विषय पर भी प्रशिक्षण दिया गया। इसमें न्यायिक प्रक्रिया के दौरान पीड़ितों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और लैंगिक अल्पसंख्यकों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा उनके संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण से जुड़े पहलुओं पर जानकारी दी गई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर के साथ तालुका गंगापुर सिटी, बौंली, बामनवास, खण्डार और चौथ का बरवाड़ा के पैनल अधिवक्ता एवं अधिकार मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और विधिक सेवा से जुड़े प्रतिभागियों को समुदाय के अधिकारों, दहेज उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा न्यायिक प्रक्रिया में संवेदनशीलता के महत्व से अवगत कराया गया।

Updated On
Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story