सवाई माधोपुर: दीपावली पर जिले में निर्बाध बिजली और 24 घंटे चिकित्सा सेवा के निर्देश
जिला कलक्टर काना राम ने त्योहार पर अस्पतालों में एम्बुलेंस, बर्न यूनिट और निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ साफ-सफाई व लाइटिंग के दिए कड़े निर्देश।

सवाई माधोपुर। दीपावली के त्योहार पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने और आमजन को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर काना राम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को चिकित्सा सुविधाओं, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और आकर्षक रोशनी की व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहार के दौरान जिलेवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी को निर्देशित किया कि दीपावली सहित त्योहारों के दौरान जिले के राजकीय सामान्य चिकित्सालयों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह सुचारू रखी जाएं। इसके लिए सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी निर्धारित की जाए। अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ विशेष रूप से आग से जलने के मामलों में उपचार से संबंधित व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है।
आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला कलक्टर ने पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस वाहनों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता प्रभावित नहीं हो, इसके लिए अस्पताल प्रशासन को आवश्यक तैयारियां रखने को कहा गया है।
वहीं, विद्युत आपूर्ति को लेकर जिला कलक्टर ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारी सीजन में जिलेभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखी जाए। इस दौरान अनावश्यक बिजली कटौती नहीं की जाए और नियमित विद्युत कटौती को भी यथासंभव स्थगित रखा जाए। उन्होंने सभी ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) पर जरूरत के अनुसार कार्मिकों की तैनाती करने तथा विद्युत लाइनों की मरम्मत और तकनीकी रख-रखाव के लिए टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान आने पर उसका तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शहर से लेकर गांवों तक दीपावली की रौनक बनाए रखने के लिए जिला कलक्टर ने विशेष साफ-सफाई और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था पर भी जोर दिया। शहरी क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और मुख्य बाजारों में आकर्षक लाइटिंग करवाकर शहर को रोशनी से सजाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और आवश्यक स्थलों पर भी पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला कलक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिकित्सा, बिजली, स्वच्छता और रोशनी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि सवाई माधोपुर जिले के आम नागरिक दीपावली का त्योहार सुरक्षित, सुव्यवस्थित और उल्लासपूर्ण वातावरण में मना सकें।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
