सवाई माधोपुर में दीपावली से पहले शहर की प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर काना राम ने बुधवार को नगरीय निकाय एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने, कचरा संग्रहण व्यवस्था मजबूत बनाने और लंबित विकास कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे करने के निर्देश दिए।

14 अक्टूबर को आयोजित बैठक में जिला कलक्टर ने जिला मुख्यालय सहित अन्य नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने दीपावली से पहले पूरे शहर में बेहतर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खण्डार बाईपास एवं रणथंभौर रोड सहित प्रमुख मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था सुधारने के साथ दिन के समय अनावश्यक रूप से जलने वाली स्ट्रीट लाइट बंद रखने के लिए नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया को निर्देशित किया।

शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने नगर परिषद को नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार दो पारियों में सफाई करवाने तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने वाले स्थलों की पहचान कर वहां से कचरा हटाने तथा स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।

सड़कों के सुधार एवं विकास कार्यों में लाएं तेजी

बैठक में शहर की सड़कों की स्थिति की समीक्षा के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की आवश्यक मरम्मत और पेचवर्क करवाने तथा लंबित सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने शहर में संचालित विकास परियोजनाओं की कार्ययोजना तैयार करने के साथ आवश्यक स्वीकृतियां और तकनीकी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने पर भी जोर दिया, ताकि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं हो।

जिला कलक्टर ने शहर के प्रमुख सर्किलों, उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था सुधारने तथा सौंदर्यीकरण के कार्य दीपावली से पहले पूरे कराने के निर्देश दिए। दशहरा एवं रावण दहन कार्यक्रम के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद, पुलिस और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

बैठक में जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दीपावली के मद्देनजर नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से शहर की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सड़क सुधार और सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे करें, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, एसडीएम शिवराज मीना, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, सीओ सिटी राजेन्द्र मीना सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story