सवाई माधोपुर: मुस्कान स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने किया रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण
वन विभाग की बाघ रक्षक योजना के तहत विशेष बच्चों ने जोन-6 में वन्यजीवों को देखा और स्लोथ बियर की साइटिंग का आनंद लिया।

सवाई माधोपुर के रणथंभौर नेशनल पार्क में शैक्षणिक भ्रमण के दौरान वन्यजीवों की जानकारी लेते मुस्कान विशेष विद्यालय के दिव्यांग छात्र और शिक्षक।
सवाई माधोपुर। जिला मुख्यालय पर संचालित मुस्कान विशेष विद्यालय के दिव्यांग छात्र-छात्राओं को शनिवार को रणथंभौर नेशनल पार्क का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने जंगल और वन्यजीवों को नजदीक से देखा और प्रकृति के प्रति जागरूकता का अनुभव किया।
शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य और आयोजन
संस्था सचिव अरविंद चौहान ने बताया कि "दिव्यांग बच्चों को हर वर्ष रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण कराकर वन एवं वन्यजीवों की जानकारी दी जाती है।" इसी क्रम में वन विभाग की ‘बाघ रक्षक’ योजना के तहत उपवन संरक्षक मानस सिंह की स्वीकृति के बाद विशेष बच्चों को जोन नंबर 6 में भ्रमण कराया गया।
वन्यजीव दर्शन और रोमांचक अनुभव
- भ्रमण के दौरान स्पेशल एजुकेटर सचिन सिंह, हनुमान गुर्जर, अमिता मीणा, सुरेन्द्र सिंह, श्याम सुंदर रेगर एवं सुरेन्द्र रेगर ने बच्चों को चीतल, हिरण, सांभर, बंदर और भालू सहित विभिन्न वन्यजीवों की जानकारी दी।
- टाइगर की साइटिंग नहीं होने से बच्चे कुछ देर मायूस नजर आए, लेकिन जोन-6 में पटवा बावड़ी के पास स्लोथ बियर (भालू) की चहलकदमी देखकर बच्चे खासे रोमांचित हो उठे।
सहयोग एवं आभार
वार्डेन भानु प्रताप सिंह एवं हेल्पर युवराज सिंह द्वारा सभी बच्चों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई, जिससे बच्चों को अलग ही आनंद मिला। वहीं कैंटर चालक रत्तीराम मीणा और सुमेर सिंह चौधरी ने बच्चों को पूरी सहूलियत के साथ जंगल भ्रमण कराया।
दिव्यांग छात्र-छात्राओं के इस सफल पार्क विजिट पर संस्था सचिव अरविंद चौहान ने वन विभाग, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
