सवाई माधोपुर, 4 दिसम्बर। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत सवाई माधोपुर जिले ने एक बार फिर अपनी दक्षता का परिचय देते हुए पूरे प्रदेश में अग्रणी स्थान हासिल किया है। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के गणना प्रपत्रों को ऑनलाइन डिजिटाइज करने का विशाल कार्य गुरुवार को पूर्ण हो गया। कुल 10 लाख 54 हजार 322 प्रपत्र डिजिटल रूप में सुरक्षित किए जाने के साथ जिले ने प्रशासनिक प्रतिबद्धता और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिजनों को गणना प्रपत्र (ईएफ) वितरित किए, जिनमें दर्ज किए गए विवरणों को वापस प्राप्त कर डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में शामिल किया गया। बुधवार शाम 4 बजे तक केवल 17 हजार 704 प्रपत्रों की मैपिंग प्रक्रिया शेष थी, जिसे गुरुवार तक लगभग पूर्ण कर लिया गया। अधिकांश प्रपत्रों का वर्ष 2002 की मतदाता सूचियों से सफलतापूर्वक मिलान भी किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 75 हजार 713 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन बुधवार को ही पूरा हो गया था। इसके बाद गुरुवार तक बामनवास में 2 लाख 52 हजार 254, सवाई माधोपुर में 2 लाख 66 हजार 555 और खण्डार में 2 लाख 59 हजार 800 प्रपत्रों को ऑनलाइन दर्ज किया गया। सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और सहायक अधिकारियों ने उत्साह, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ कार्य किया, जिससे पहला और सबसे महत्वपूर्ण चरण सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और संपूर्ण स्टाफ को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले की सटीक योजना, टीमवर्क और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति समर्पण का प्रतीक है। एसआईआर-2026 के तहत आगे होने वाले कार्यों के लिए यह एक मजबूत आधार तैयार करता है, जिससे मतदाता सूचियों की पारदर्शिता और शुद्धता और अधिक सुदृढ़ होगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story