सवाई माधोपुर: जिला स्तरीय जनसुनवाई में 84 शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण
जिला कलेक्टर काना राम ने जनसुनवाई के दौरान लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध समाधान और जनविश्वास सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर काना राम आमजन की समस्याओं को सुनते हुए।
सवाई माधोपुर। राजस्थान सरकार की जनभावना के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, प्रशासनिक जवाबदेही एवं सुशासन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं जिला सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर काना राम ने आमजन की परिवेदनाओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। जिला स्तरीय इस जनसुनवाई में कुल 84 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें पीएम किसान सम्मान निधि योजना, पालनहार योजना, जलापूर्ति, रास्ता खोलो अभियान, अतिक्रमण हटाने, पट्टा ट्रांसफर, जमाबंदी शुद्धिकरण, नामांतरण, नल कनेक्शन, छात्रावास एवं लाइब्रेरी हेतु भूमि आवंटन, बिजली पोल सुधार, नाली निर्माण, सीमाज्ञान, हैंडपंप स्थापना, मुआवजा भुगतान तथा निविदाओं में अनियमितता सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं।
बैठक के दौरान हाउसिंग बोर्ड निवासी मूलचंद श्रीमाल के मकान सहित सप्लाई लाइन के अंतिम छोर पर स्थित मकानों में जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला कलक्टर ने पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता बीएस मीना को आज ही मौका निरीक्षण कर समुचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, गोगोर में नाली निर्माण की मांग पर बरसात से पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए। जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि संपर्क पोर्टल एवं जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाले सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं निर्धारित समयावधि में निस्तारण किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
जिला कलक्टर ने संबंधित उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रकरणों में आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का आकलन करें तथा नियमानुसार शीघ्र पालना रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्यवाही की जानकारी परिवादियों को समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जनविश्वास बना रहे। संपर्क पोर्टल एवं जनसुनवाई से संबंधित लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आगामी जनसुनवाई से पूर्व अधिकतम प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
जिला कलक्टर ने कहा कि जनसुनवाई आमजन एवं प्रशासन के बीच संवाद का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम है। परिवेदनाओं का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने से शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत होता है तथा सुशासन की अवधारणा को व्यवहारिक रूप मिलता है। इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह, संजय शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी एवं नगर परिषद आयुक्त चन्द्रकला वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि उपखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
