सवाई माधोपुर: ‘12 साल विश्वास के, विकास के’ प्रदर्शनी में उमड़ा विद्यार्थियों का उत्साह
सवाई माधोपुर के नगर परिषद परिसर में आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी में दूसरे दिन शनिवार को बड़ी संख्या में छात्राओं और युवाओं ने पहुंचकर केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।

नगर परिषद परिसर में आयोजित प्रदर्शनी के दौरान डिजिटल इंडिया अभियान और गगनयान मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के फोटो पैनल्स का उत्साहपूर्वक अवलोकन करतीं छात्राएं।
सवाई माधोपुर में केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने वाली जिला स्तरीय प्रदर्शनी “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” के दूसरे दिन शनिवार को नगर परिषद परिसर में जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों, आधारभूत संरचना विस्तार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक सुरक्षा एवं रोजगारोन्मुखी योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की। आकर्षक फोटो पैनल, फ्लेक्स एवं सूचना सामग्री के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी पहलों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शनी में प्रमुखता से दर्शाया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, महिला एवं बाल विकास योजनाएं, किसान कल्याण कार्यक्रम, डिजिटल इंडिया, शिक्षा एवं कौशल विकास जैसी प्रमुख योजनाएं शामिल रहीं।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे विद्यार्थियों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें सरकारी योजनाओं और विकासात्मक पहलों की बेहतर समझ प्राप्त हुई है। युवाओं के अनुसार, यह प्रदर्शनी देश और प्रदेश में हो रहे सकारात्मक बदलावों को जानने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
नगर परिषद परिसर में आयोजित यह प्रदर्शनी शहरी सेवा शिविर अभियान की अवधि तक आमजन के लिए खुली रहेगी। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। यह आयोजन जनजागरूकता और विकास संवाद को नई दिशा देने वाला साबित हो रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
