जिला अस्पताल, सवाई माधोपुर में बुजुर्ग मरीजों के उपचार को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से विशेष रूप से रामाश्रय वार्ड संचालित किया जा रहा है। यह वार्ड वयोवृद्ध आयु में होने वाली बीमारियों के समुचित उपचार के लिए तैयार किया गया है, जिसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों को बेहतर वातावरण में चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। यह व्यवस्था वरिष्ठ नागरिकों के लिए बुढ़ापे का सहारा साबित हो रही है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार जैमिनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 बेड क्षमता वाले इस विशेष वार्ड में प्रत्येक बेड पर ऑक्सीजन पॉइंट, बेड साइड अलार्म सिस्टम तथा गोपनीयता के लिए परदे लगाए गए हैं। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जांच की प्रक्रिया भी बेड पर ही करवाई जाती है तथा आवश्यक दवाइयां भी वार्ड में ही उपलब्ध कराई जाती हैं।

रामाश्रय वार्ड में 24 घंटे के अंतराल में दो-दो नर्सिंग कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, जो भर्ती मरीजों की निरंतर निगरानी करते हैं तथा उन्हें समय पर दवा एवं जांच सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में नर्सिंग स्टाफ मौके पर ही उपस्थित रहता है। स्वच्छता व्यवस्था के लिए अलग से सफाई कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है, जिससे वार्ड का वातावरण स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बना रहे।

रामाश्रय वार्ड के नोडल अधिकारी डॉक्टर अतुल जैन ने बताया कि पिछले एक वर्ष में 34,015 बुजुर्ग मरीजों ने ओपीडी में उपचार प्राप्त किया है, जबकि 949 से अधिक मरीजों को रामाश्रय वार्ड में भर्ती कर देखभाल उपलब्ध कराई गई है। बुजुर्ग मरीजों को भागदौड़ से बचाने के लिए जांच, दवा एवं आवश्यक परामर्श की समस्त सुविधाएं वार्ड में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां फिजियोथेरेपी, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह, निशुल्क जांच तथा दवा वितरण जैसी सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।

वार्ड में सीओपीडी, हृदय रोग, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, स्ट्रोक एवं अन्य वृद्धावस्था जनित बीमारियों से ग्रसित मरीजों का उपचार किया जा रहा है। इसके साथ ही अस्पताल में बुजुर्गों के लिए अलग प्रतीक्षालय तथा पर्ची के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें आम भीड़ से राहत मिल सके और वे आरामदायक वातावरण में अपनी बारी का इंतजार कर सकें।

जिले में बुजुर्ग मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि को देखते हुए इस विशेष सुविधा की आवश्यकता महसूस की गई, जिसके चलते रामाश्रय वार्ड के ढांचे एवं व्यवस्थाओं को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। यहां भर्ती मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग की जाती है तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार प्रदान किया जाता है। गंभीर मरीजों पर विशेष ध्यान रखते हुए आवश्यकता अनुसार विशेषज्ञ परामर्श भी उपलब्ध कराया जाता है, जिससे उन्हें समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित हो सके।

फोटो कैप्शन:- 9 पीआरओ 4 से 5 जिला अस्पताल में रामाश्रय वार्ड में उपचार प्राप्त करते बुजुर्ग मरीज।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story