सवाई माधोपुर: जिला क्रिकेट संघ के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का समापन
जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित इस शिविर में 126 खिलाड़ियों ने अनुभवी कोचों से बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फिटनेस के गुर सीखे; अब ओपन प्रतियोगिता की तैयारी।

सवाई माधोपुर के इंद्रा मैदान में आयोजित जिला क्रिकेट संघ के ग्रीष्मकालीन शिविर के समापन समारोह में उपस्थित अतिथि, प्रशिक्षक और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा खिलाड़ी।
सवाई माधोपुर। जिला क्रिकेट संघ सवाई माधोपुर की ओर से आयोजित निशुल्क ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह शनिवार को इंद्रा मैदान में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस शिविर में जिलेभर से कुल 126 क्रिकेट खिलाड़ियों ने भाग लेकर क्रिकेट की बारीकियों के साथ-साथ फिटनेस प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला क्रिकेट संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रजनीकांत जैन रहे। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को अनुभवी कोचों द्वारा बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग, फिटनेस एवं खेल की तकनीकी जानकारियों का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण देने वाले कोचों में सुरेंद्र चौधरी, श्रीकृष्ण शर्मा, अभिताभ सिंह राठौड़, रूपा चाचा, मोहम्मद अनीश, रवि गुर्जर, राजेंद्र महावर, अरुण चौधरी तथा RCA स्कोरर लोकेश मीना शामिल रहे।
शिविर संयोजक मनोज बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी समय में जिला क्रिकेट संघ सवाई माधोपुर द्वारा ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इस अवसर पर कुंदन कुमावत, अरविंद, मोनू असगर सहित अनेक खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण शिविर जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें व्यावहारिक खेल अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में स्थानीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नई दिशा मिलने की संभावना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
