जिला क्रिकेट संघ सवाई माधोपुर द्वारा इंदिरा मैदान में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजेश गोयल चक्की के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों ने नव नियुक्त अध्यक्ष का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान जिले में क्रिकेट सुविधाओं के विस्तार, प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठी।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला क्रिकेट संघ के सचिव डॉ. संगीत गर्ग ने कहा कि आने वाले समय में सवाई माधोपुर के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला क्रिकेट संघ प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगी वातावरण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजेश गोयल चक्की ने कहा कि सवाई माधोपुर में लंबे समय से क्रिकेट स्टेडियम की मांग चली आ रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से मुलाकात कर जिले को आधुनिक सुविधाओं से युक्त उत्कृष्ट क्रिकेट स्टेडियम उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी।

समारोह में जिला क्रिकेट संघ के सदस्य रामहरि चौधरी, कोषाध्यक्ष कमलेश गुर्जर, पूर्व अध्यक्ष रामराज चौधरी सहित राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा नियुक्त चयनकर्ता कुलदीप सिंह और सिद्धार्थ जोशी भी उपस्थित रहे।

इस दौरान जिला क्रिकेट संघ सवाई माधोपुर द्वारा कॉल्विन शील्ड टूर्नामेंट-2026 के लिए जिले की टीम की घोषणा भी की गई। टीम का कप्तान विशाल गौतम और उपकप्तान युवराज मीणा को बनाया गया है। टीम में तनिष सिंघल, कृष्णा गुप्ता, कल्पेश शर्मा, शोएब खान, वसीम अकरम, योगेश मारोठा, रोहित गोवंदा, अंकित शर्मा, मुस्तकीम खान, देवेंद्र शर्मा, मनजीत मीणा, प्रतीक शर्मा, निखिल सिंह चौहान और अभिषेक प्रधान का चयन किया गया है। वहीं आरक्षित खिलाड़ियों में शिवांग, अयान खान, नीरज थोरवाल और भूपेंद्र जांगिड़ को शामिल किया गया है। टीम के कोच मुनिधर चौधरी होंगे।

जिला क्रिकेट संघ के सचिव डॉ. संगीत गर्ग ने बताया कि टीम चयन के लिए राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों की अनुपालना में इंदिरा मैदान पर ट्रायल आयोजित किए गए थे, जिनमें आरसीए द्वारा नियुक्त चयनकर्ता उपस्थित रहे। क्रिकेट संघ के इस आयोजन ने जिले में क्रिकेट गतिविधियों को नई दिशा देने के साथ खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल पैदा किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story