सवाई माधोपुर, 30 दिसम्बर। जिले में सरकार की फ्लैगशिप और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को जिला कलक्टर काना राम ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में भूमि अवाप्ति, अंतर्विभागीय मुद्दे, राजस्व प्रकरणों और प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर काना राम ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि रूपांतरण, सीमाज्ञान, पत्थरगढ़ी, नामांतरण, रास्तों के प्रकरण, भूमि आवंटन और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के मामलों का मिशन मोड में निस्तारण किया जाए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने और योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचाने की जिम्मेदारी सौंपी। लंबित राजस्व प्रकरणों की अनावश्यक पेंडेंसी खत्म करने के लिए समयसीमा तय कर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु शेष वन भूमि के राजस्व अभिलेखों में अंकन के लिए नियम अनुसार प्रस्ताव भेजने के निर्देश संबंधित उपखण्ड अधिकारियों को दिए। उन्होंने NFSA डिस्पोजल में दिसंबर माह में जिले के राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए शेष सेंड बैक आवेदनों में ई-मित्र के माध्यम से त्रुटि सुधार कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इसके अतिरिक्त, पीएम कुसुम-बी और पीएम सूर्य घर ऊर्जा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार, लाड़ो प्रोत्साहन योजना में शत-प्रतिशत पंजीकरण, ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान के तहत भूजल रिचार्ज, स्वामित्व योजना में डिमार्केशन सुधार और जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल सत्यापन के निर्देश भी दिए गए।

जिला कलक्टर काना राम ने न्यायालय, लोकायुक्त, मुख्यमंत्री कार्यालय, संपर्क पोर्टल और बजट घोषणाओं से जुड़े प्रकरणों में समय पर जवाब देने और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। राजस्व अर्जन के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति, फील्ड स्टाफ की नियमित मॉनीटरिंग, रिकॉर्ड संधारण और राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों के त्वरित निपटारे पर विशेष ध्यान देने के निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता ही जनविश्वास का आधार है, इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में निर्वाचन गतिविधियों, ई-फाइल, ई-डाक, सीएम जनसुनवाई और अन्य प्रशासनिक बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, उप वन संरक्षक सामाजिक वानिकी सुनील कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह, सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार और सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कलक्टर काना राम के निर्देशों से जिले में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम लाभार्थियों तक पहुँचाने की संभावना बढ़ गई है, जिससे जनता में सरकारी तंत्र के प्रति विश्वास और उम्मीद बढ़ेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story