जिला कलेक्टर महोदय के कुशल निर्देशन में सवाई माधोपुर जिले में 1 मई से 30 जून 2026 तक चलाए जा रहे 'रास्ता खोलो अभियान' के तहत आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 03 जून 2026 को तहसील बोंली के ग्राम डिडवाड़ी में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए दशकों पुराने अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। यहाँ खसरा नंबर 2476, किस्म गे.मु. रास्ता पर पिछले 25 से अधिक वर्षों से अवैध तारबंदी कर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध किया हुआ था। इस दीर्घकालिक अतिक्रमण के कारण स्थानीय किसानों को अपने खेतों तक आने-जाने में भारी दिक्कतों और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

आज तहसीलदार बोंली श्री दिनेश चन्द मीना के कुशल निर्देशन में राजस्व एवं प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई अमल में लाई और इस विवादित रास्ते को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करवा दिया। दशकों बाद इस मुख्य रास्ते के सुचारू रूप से पुन: चालू होने से क्षेत्र के पीड़ित किसानों को अपने खेतों तक सुगम आवागमन की एक बहुत बड़ी सुविधा मिल गई है। इस ऐतिहासिक और राहतकारी कार्रवाई से हर्षित होकर समस्त ग्राम वासियों ने राजस्व प्रशासन का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान मौके पर ग्राम पंचायत डिडवाड़ी के प्रशासक नरेंद्र महावर, राजस्व टीम के सक्रिय सदस्य पटवारी श्री दिनेश कुमार मीणा, गोरी शंकर बैरवा और मनीष मंगल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story