सवाई माधोपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत देवनारायण बालिका छात्रावास में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं छात्राओं में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वच्छता शपथ के साथ किया गया। इस दौरान उपस्थित छात्राओं, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों ने अपने घर, विद्यालय, छात्रावास तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली बनाने पर बल दिया गया। वक्ताओं ने व्यक्तिगत स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, जल संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर विस्तार से अपने विचार रखे। साथ ही छात्राओं से दैनिक जीवन में स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रावास परिसर में स्वच्छता श्रमदान भी किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों एवं छात्राओं ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

इस अभियान का नेतृत्व मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों अनुभव सैन, राजेश गुर्जर एवं सत्येन्द्र चौहान ने किया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में देवनारायण बालिका छात्रावास की अधीक्षिका भावना शर्मा का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने तथा प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story