सवाई माधोपुर विकास कार्य: जिला कलक्टर काना राम ने दिए सख्त निर्देश
जिला कलक्टर काना राम ने समीक्षा बैठक में हम्मीर पुलिया, स्ट्रीट लाइट और रणथम्भौर रोड के कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

सवाई माधोपुर में विकास कार्यों की समीक्षा करते जिला कलक्टर काना राम व अन्य अधिकारी।
सवाई माधोपुर शहर में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी लंबित समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कलक्टर काना राम ने स्पष्ट किया है कि शहर के विकास कार्यों में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरे करें और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने हम्मीर पुलिया का निर्माण शीघ्र पूरा करने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को 15 दिवस में चालू करवाने तथा रणथम्भौर रोड के लंबित विकास कार्य राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने से पहले पूरे करने के निर्देश दिए।
बुधवार, 18 नवम्बर को आयोजित बैठक में जिला कलक्टर ने सवाई माधोपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को हम्मीर पुलिया का निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को शहर में लगे विद्युत पोल्स की गुणवत्ता जांचने और प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक पंकज कुमार मीना से शहर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था की जानकारी लेते हुए जिला कलक्टर ने इसे दुरुस्त और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बजरिया सब्जी मंडी में यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर देते हुए जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया को पुलिस विभाग के सहयोग से सब्जी विक्रेताओं की गतिविधियों को व्यवस्थित करवाने के लिए कहा। उन्होंने प्रत्येक दुकान पर कचरा पात्र रखवाने तथा थोक सब्जी विक्रेताओं को चकचैनपुरा में आवंटित स्थायी दुकानों में स्थानांतरित करवाने के निर्देश दिए, ताकि मंडी क्षेत्र में यातायात और आवागमन सुचारू बना रहे। पुराने शहर की पार्किंग व्यवस्था सुधारने के साथ सार्वजनिक पार्कों का निरीक्षण कर उनके विकास के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया।
नगर परिषद क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को आगामी 15 दिवस में चालू करवाने के निर्देश देते हुए उन्होंने बजट घोषणा के अनुरूप रणथम्भौर रोड पर लंबित विकास कार्यों को राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने से पहले अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा। मुख्य बाजार के प्रमुख स्थानों पर रखे कचरा पात्रों को दुरुस्त करवाने तथा रणथम्भौर रोड, खण्डार रोड, खेरदा और रेलवे स्टेशन रोड पर प्रतिदिन बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
शहर में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पांच स्थानों पर मॉडल बस स्टॉप विकसित किए जाएंगे। जिला कलक्टर ने नगर विकास न्यास के अधिकारियों को अम्बेडकर सर्किल, कॉलेज के पास, मंडी के पास, आदर्श नगर तथा कुण्डेरा बस स्टैंड पर मॉडल बस स्टॉप संचालित करवाने के निर्देश दिए। पुराने शहर में राज्य सरकार के निर्देशानुसार ई-बसों का संचालन शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने और इसके लिए बस स्टैंड की भूमि आवंटित करने को भी कहा।
बैठक में शहर की सड़कों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त मार्गों का रखरखाव, अतिक्रमण हटाने, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, नालियों और जल निकासी तथा नियमित सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर परिषद को कचरे का नियमित संग्रहण एवं निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, वेंडिंग जोन की व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। नगर विकास न्यास को मास्टर प्लान के अनुरूप शहर का सुनियोजित विकास करने, आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा आवश्यक विभागीय स्वीकृतियों और अनापत्ति प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया में समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया गया। सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को विद्युत लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों से संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार करने को कहा गया। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि शहर का विकास किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। सभी विभागों को साझा कार्ययोजना के तहत परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाकर काम करना होगा। अधिकारियों को नियमित रूप से विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने और उनकी प्रगति एवं गुणवत्ता की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, उपखण्ड अधिकारी सवाई माधोपुर शिवराज मीना, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, डीएसपी राजेन्द्र मीना, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक पंकज कुमार मीना, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता गोविंद सहाय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
