सवाई माधोपुर में डीईओ का सख्त संदेश, फ्लैगशिप योजनाओं में लापरवाही नहीं होगी स्वीकार
सवाई माधोपुर में डीईओ देवीलाल मीना ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर फ्लैगशिप योजनाओं, नामांकन वृद्धि, लाडो योजना, शाला दर्पण और पौधारोपण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडौली परिसर में जिला शिक्षा अधिकारी, शिक्षक और छात्र पौधे हाथ में लेकर खड़े नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर। फ्लैगशिप योजनाओं और परीक्षाओं के संचालन में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यह स्पष्ट संदेश जिला शिक्षा अधिकारी देवीलाल मीना प्रारंभिक ने पांचवी एवं आठवीं बोर्ड पूरक परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण और विद्यालयों की समीक्षा बैठक के दौरान दिया।
आज दिनांक 23 जुलाई को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सवाई माधोपुर के निर्देशन में आयोजित पांचवी एवं आठवीं बोर्ड पूरक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण दल ने जिला शिक्षा अधिकारी देवीलाल मीना प्रारंभिक के निर्देशन में निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मलाना डूंगर केंद्र से हुई, जहां सभी व्यवस्थाएं अच्छी मिलीं और परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित पाई गईं।
इसके बाद निरीक्षण दल ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर सिटी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां सभी शिक्षक सजगता के साथ ड्यूटी करते हुए नजर आए। इस दौरान विद्यालय में इस वर्ष हुई नामांकन की कमी को लेकर प्रधानाचार्य के साथ विस्तार से समीक्षा की गई। डीईओ देवीलाल मीना ने जुलाई माह से ही ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे नामांकन घटने की बजाय बढ़ाया जा सके।
इसके बाद डीईओ देवीलाल मीना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडौली पहुंचे, जहां उन्होंने समस्त पीईईओ क्षेत्र के विद्यालय स्टाफ की बैठक ली। बैठक में नामांकन वृद्धि, ड्रॉपआउट, पौधारोपण, माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, विद्यालय भवनों के पट्टे, जर्जर भवनों को गिराने, लाडो योजना और 14 आयु वर्ग की छात्राओं को HVP के टीकाकरण करवाने सहित विभिन्न विषयों पर प्रभारियों के साथ समीक्षा की गई।
बैठक में निर्देश दिए गए कि पूरे क्षेत्र में जो भी बच्चे ड्रॉप आउट दिखाई दे रहे हैं, उन्हें दो दिन के अंदर प्रवेश दिलाकर विद्यालय से जोड़ना सुनिश्चित करें। लाडो योजना के पात्र बच्चों के सभी आवेदन 31 जुलाई तक करवाने के निर्देश भी दिए गए। लाडो योजना में अच्छा कार्य करने पर सभी को बधाई दी गई।
डीईओ ने निर्देश दिए कि जिन बच्चियों की PTCS आईडी मिसमैच है, उनकी सूची निर्धारित प्रपत्र में तैयार कर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या एएनएम को उपलब्ध कराएं, जिससे डाटा ठीक किया जा सके। साथ ही जिन बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनके आधार बनवाने के लिए कार्य योजना बनाकर काम करने और जिन बच्चियों का जन आधार में नाम नहीं है, उनके अभिभावकों से संपर्क कर जन आधार में नाम जुड़वाने के लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि लाडो योजना राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजना में शामिल है, जिसकी हर महीने मुख्य सचिव राजस्थान सरकार के स्तर से एवं श्रीमान जिला कलेक्टर महोदय के द्वारा समीक्षा की जाती है। इसलिए फ्लैगशिप योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। जिला कलेक्टर महोदय ने भी मीटिंग में सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों एवं पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को ऐसे निर्देश दिए हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान को भी सरकार की फ्लैगशिप योजना बताते हुए निर्देश दिए गए कि प्रत्येक छात्र एवं स्टाफ की नियमित रूप से शाला दर्पण पर समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जाए। छात्रों का अधिकाधिक विद्यालय में ठहराव सुनिश्चित करने और विद्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण गतिविधियों की समय पर शाला दर्पण पर प्रविष्टि करने के निर्देश दिए गए, जिससे जिले की रैंक लगातार अच्छी बनी रहे।
पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को सम्बलन के दिए गए लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करने और हर माह अपने अधीनस्थ संस्था प्रधानों की आवश्यक रूप से बैठक आयोजित कर प्रत्येक बिंदु पर बारीकी से समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद मिड डे मील योजना के तहत विद्यालय में विकसित किए जा रहे किचन गार्डन में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से बीज बोकर सभी संस्था प्रधानों को संदेश दिया कि जहां भी विद्यालय में स्थान उपलब्ध है, वहां किचन गार्डन आवश्यक रूप से लगाया जाए, जिससे एमडीएम की गुणवत्ता और बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए यह समय सबसे उपयुक्त है।
इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया और छात्रों को 300 पौधे वितरित किए गए। सभी छात्रों को पौधों की सुरक्षा रखने और जियो टैग करने की जानकारी दी गई। इस दौरान डीईओ के साथ डॉ. राजेश मीना वरिष्ठ व्याख्याता डाइट एवं जय प्रकाश गोस्वामी व्याख्याता मौजूद रहे। इसके बाद माडा छात्रावास में भी पौधारोपण किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
