सवाई माधोपुर | 12 मई, 2026

सवाई माधोपुर जिला क्रिकेट संघ (DCA) ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एड-हॉक कमेटी द्वारा पूर्व संयोजक डी.डी. कुमावत के विरुद्ध लिए गए कड़े निर्णय का पुरजोर समर्थन किया है। जिला क्रिकेट संघ के सचिव डॉ. संगीत गर्ग ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए एड-हॉक कमेटी द्वारा कुमावत को 24 लाख रुपये के अनधिकृत भुगतान की वसूली हेतु जारी किए गए नोटिस को पूरी तरह न्यायोचित और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम बताया है। डॉ. गर्ग ने गंभीर आरोप लगाते हुए स्पष्ट किया कि जिस गुट ने डी.डी. कुमावत को अध्यक्ष पद पर आसीन किया, उसका स्वयं का अस्तित्व ही फर्जी और गैर-कानूनी है क्योंकि इस तथाकथित जिला संघ के चुनावों को पूर्व में ही माननीय न्यायालय एवं राजकीय आदेशों द्वारा अवैध घोषित किया जा चुका है।

डॉ. संगीत गर्ग ने विस्तार से बताया कि इस गुट ने तथ्यों को जानबूझकर छुपाया और सरकार सहित खेल संस्थाओं को गुमराह कर झूठी मान्यता प्राप्त की थी, जिसका एकमात्र मुख्य उद्देश्य नियमों को ताक पर रखकर संस्था के धन का दुरुपयोग और उसे खुर्द-बुर्द करना था। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सवाई माधोपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और पूर्व सचिव द्वारा दायर मुकदमे पूर्णतः व्यक्तिगत हितों और स्वयं के पद को बचाने के लिए थे, अतः इन मुकदमों की वकील फीस का भुगतान RCA के सार्वजनिक कोष से करना वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। तथाकथित DCA और उसके अध्यक्ष के निजी बचाव के लिए इस्तेमाल किए गए इस धन का बोझ राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन पर डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

खिलाड़ियों के भविष्य से खिलवाड़ का मुद्दा उठाते हुए डॉ. गर्ग ने कहा कि जो पैसा प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के विकास और बुनियादी सुविधाओं के लिए आवंटित होना चाहिए था, उसे डी.डी. कुमावत और इस फर्जी जिला संघ ने मिलीभगत कर वकीलों की फीस के नाम पर लुटा दिया, जो सीधे तौर पर खेल और खिलाड़ियों के साथ गद्दारी है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाने का संकल्प दोहराते हुए डॉ. गर्ग ने भावी रणनीति साझा की, जिसके अंतर्गत खिलाड़ियों के धन के दुरुपयोग और फर्जीवाड़े को लेकर शीघ्र ही कानूनी विशेषज्ञों से परामर्श लिया जाएगा। इस पूरे प्रकरण और अवैध नियुक्तियों के पुख्ता साक्ष्य माननीय न्यायालय, रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव और राजस्थान क्रीड़ा परिषद के समक्ष मजबूती से प्रस्तुत किए जाएंगे। सवाई माधोपुर जिला क्रिकेट संघ ने खेल के नाम पर हुई इस लूट की पाई-पाई वसूलने और धन व रसूख के दम पर फर्जी दावा करने वाले इस गुट को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है, ताकि खेल भावना और शुचिता को अक्षुण्ण रखा जा सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story