राज्य सीमा पार मध्यप्रदेश ले जाए जा रहे DAP के 100 कट्टे जब्त, खाद बीज भंडार का लाइसेंस निलंबित
सवाई माधोपुर में पिकअप से DAP के 100 कट्टे जब्त हुए। उर्वरक श्योपुर ले जाने का मामला सामने आने पर फर्म का लाइसेंस निलंबित किया गया।

उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध कृषि विभाग के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। कृषि विभाग ने मैसर्स मारुति खाद बीज भंडार, खंडार रोड, सवाई माधोपुर का खुदरा उर्वरक अनुज्ञापत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) लखपत लाल मीना ने बताया कि कृषि अधिकारी (प्रशिक्षण) ताराचन्द महावर की सूचना पर पुलिस चौकी छाण ने जांच के दौरान एक पिकअप वाहन से डीएपी आई.पी.एल. कम्पनी के 100 कट्टे जब्त किए। जांच में सामने आया कि उक्त उर्वरक मैसर्स मारुति खाद बीज भंडार, खंडार रोड, शहर सवाई माधोपुर से क्रय कर राज्य से बाहर श्योपुर जिला, मध्यप्रदेश में अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
मामले में संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) लखपत लाल मीना ने उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए फर्म का खुदरा उर्वरक अनुज्ञापत्र अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान फर्म को किसी भी प्रकार के उर्वरक का क्रय-विक्रय नहीं करने तथा निर्धारित अवधि में संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि विभाग के निर्देशों के अनुसार निर्धारित अवधि में अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने अथवा जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए जाने पर फर्म का उर्वरक अनुज्ञापत्र निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। राज्य से बाहर उर्वरक के अवैध परिवहन के मामले में हुई यह कार्रवाई विभाग की जांच और आगामी प्रशासनिक प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
