सवाई माधोपुर: साइबर पुलिस ने ठगी के 41,900 रुपये कराए रिफंड
जनवरी में सस्ते मोबाइल के नाम पर हुई ठगी के बाद पीड़ित ने 1930 पोर्टल पर शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर राशि वापस दिलाई।

साइबर पुलिस थाना सवाई माधोपुर ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार परिवादी के खाते से हड़पी गई कुल 41,900 रुपये की संपूर्ण राशि वापस उसके बैंक खाते में रिफंड करवा दी है। यह कार्रवाई सुश्री ज्येष्टा मैत्रेयी, पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर के निर्देशन में तथा श्री विजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर एवं श्री जयप्रकाश अटल आरपीएस, उप पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम थाना जिला सवाई माधोपुर के सुपरविजन में की गई।
घटना के अनुसार, माह जनवरी में अज्ञात ठगों द्वारा सस्ते मोबाइल बेचने का बहाना बनाकर परिवादी मुक्तयार अली पुत्र फरियाद अली, निवासी चौथ का बरवाड़ा थाना चौथ का बरवाड़ा, जिला सवाई माधोपुर के खाते से ऑनलाइन ठगी कर कुल 41,900 रुपये की राशि हड़प ली गई। इस संबंध में दिनांक 24-01-2026 को परिवादी द्वारा साइबर पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर क्राइम थाना सवाई माधोपुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न बैंकों के नोडल अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया और संदिग्ध खातों में गई राशि को होल्ड करवा दिया। न्यायालय आदेश की पालना में संपूर्ण 41,900 रुपये की राशि परिवादी के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते में वापस रिफंड करवाई गई।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर पुलिस थाना सवाई माधोपुर के कांस्टेबल महेश (1409) सहित टीम का योगदान रहा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि व्हाट्सएप पर किसी अनजान नंबर से आए लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सस्ते सामान बेचने के नाम पर किए जाने वाले साइबर ठगों के झांसे में न आएं तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर संपर्क करें। यह कार्रवाई साइबर ठगी पर पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सख्त रुख को दर्शाती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
