सवाई माधोपुर। पुलिस थाना कोतवाली सवाई माधोपुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सगाई की बधाई वाली पोस्टों से जानकारी जुटाकर, खुद को लड़की की 'साली' बताकर लोगों से ठगी की वारदात को अंजाम देता था। सुश्री ज्यैष्ठा मैत्रेयी, पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर के निर्देशन, श्री विजय सिंह मीना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और श्री उदय सिंह मीना पुलिस उपाधीक्षक शहर के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस आरोपी को जिला बारां से दबोचा है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना हाजा के प्रकरण संख्या 148/26 के तहत अमल में लाई गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब 2 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त 'म्यूल अकाउंट्स' (mule accounts) की सूची का गहन अवलोकन किया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा उपयोग किए जा रहे बैंक खातों पर साइबर पोर्टल 1930 पर कुल 10 शिकायतें दर्ज थीं। इसके बाद 27 अप्रैल 2026 को धारा 318 (4), 319 (2), 112 (2), 61 (2) बीएनएस एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस प्रकरण में पूर्व में आरोपी नरेंद्र सैनी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी गणेश उर्फ दिलखुश सैनी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।

पुलिस की तकनीकी टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए आरोपी गणेश उर्फ दिलखुश सैनी (24 वर्ष), पुत्र मोरपाल, निवासी कुश्तला, थाना रखांजना डुंगर, जिला सवाई माधोपुर की लोकेशन ट्रेस की और 27 मई 2026 को उसे जिला बारां से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से फिलहाल गहन पूछताछ और अनुसंधान जारी है। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी मदनलाल मीणा के साथ कांस्टेबल मनीष (1135), धर्मेंद्र (87) और रामलखन (1412) की मुख्य भूमिका रही। पुलिस थाना कोतवाली की इस सख्त कार्यवाही ने साइबर अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं और क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की सराहना हो रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story