सवाई माधोपुर जिले में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, आईपीएस पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय एवं पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण) श्री रामधन चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी पुलिस थाना रवांजना दूँगर श्री श्याम सुन्दर चौधरी (उप निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मोबाइल एप्लीकेशन एवं टेलीग्राम चैनलों का संचालन कर लोगों को शेयर मार्केट में ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देते थे। आरोपी डेवलपर से विशेष मोबाइल एप तैयार करवाकर निवेशकों को जोड़ते थे तथा मोबाइल फोन, इंटरनेट, फर्जी दस्तावेजों से प्राप्त सिम कार्ड एवं विभिन्न बैंक खातों का उपयोग कर लोगों से धनराशि निवेश करवाते थे।

आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड एवं बैंक खातों का इस्तेमाल कर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों एवं डिजिटल लेन-देन की जांच में करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। मामले में विस्तृत वित्तीय एवं तकनीकी जांच जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना रवांजना डूंगर पर प्रकरण संख्या 135/2026 दर्ज किया है। प्रकरण में धारा 318 (4), 336(3), 338, 112 (2) भारतीय न्याय संहिता (BNS), धारा 66C एवं 66D सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा धारा 13 RPGO के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में कुल 06 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के अन्य साथियों, बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट, मोबाइल उपकरणों एवं वित्तीय नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास पुत्र पप्पूलाल, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम खेड़ला, थाना रवांजना दूँगर, जिला सवाई माधोपुर; कम्प्यूटर उर्फ कमपोटर पुत्र हंसराज, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम खेड़ला, थाना रवांजना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर; रामचीज पुत्र रामप्रसाद, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खेड़ला, थाना रवांजना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर; तथा दिलीप पुत्र रमेशचंद, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम खेड़ला, थाना रवांजना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर शामिल हैं।

इस कार्रवाई में पुलिस थाना रवांजना डूंगर के थानाधिकारी श्री श्यामसुन्दर उप निरीक्षक, साइबर सैल सवाई माधोपुर के प्रभारी श्री महेन्द्र कुमार सहायक उप निरीक्षक, साइबर सैल सवाई माधोपुर के श्री राजकुमार कानि0 117, थाना रवांजना डूंगर के श्री बसराम कानि0 1167 (विशेष भूमिका), श्री हनुमान हैड कानि0 318, श्री शीशराम कानि0 1388 एवं श्री सत्येन्द्र कानि0 1408 की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर की जा रही साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय गतिविधियों की जांच लगातार जारी है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story