साइबर ठगी पर पुलिस की कार्रवाई, दो पीड़ितों के 7,650 रुपये करवाए रिफंड
सवाई माधोपुर में साइबर ठगी के दो मामलों में सूरवाल पुलिस ने 7,650 रुपये रिफंड करवाए, बैंक खातों में राशि होल्ड कर त्वरित कार्रवाई की।

सवाई माधोपुर जिले के सूरवाल थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी के दो मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए परिवादियों की ठगी गई कुल 7,650 रुपये की राशि वापस उनके खातों में रिफंड करवाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऑनलाइन डिजिटल प्रोडक्ट यानी गूगल प्ले कंसोल अकाउंट खरीदने और पार्ट टाइम जॉब देने के नाम पर हुई साइबर ठगी की रकम को संदिग्ध खातों में होल्ड करवाया।
यह कार्रवाई सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, पुलिस अधीक्षक, जिला सवाई माधोपुर के निर्देशन में, श्री विजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सवाई माधोपुर तथा श्री राजेन्द्र कुमार मीना, सीओ शहर, सवाई माधोपुर के सुपरविजन में पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थाना सूरवाल की टीम ने थानाधिकारी मुंशीलाल उपनिरीक्षक के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया।
पहले मामले में दिनांक 04/05/2025 को परिवादी श्री विवान राजरवाल पुत्र श्री जगदीश प्रसाद, जाति मीना, निवासी मैनपुरा, थाना सूरवाल, जिला सवाई माधोपुर ने साइबर पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई थी। परिवादी ने शिकायत में बताया कि ऑनलाइन डिजिटल प्रोडक्ट गूगल प्ले कंसोल अकाउंट खरीदने के नाम पर अज्ञात ठगों ने उससे कुल 4,500 रुपये की राशि हड़प ली।
शिकायत मिलने के बाद थाना सूरवाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक के नोडल ऑफिसर्स से संपर्क किया और परिवादी से ठगी गई कुल 4,500 रुपये की राशि होल्ड करवाई। इसके बाद संदिग्ध खातों से होल्ड करवाई गई पूरी 4,500 रुपये की राशि परिवादी के खाते में रिफंड करवाई गई।
दूसरे मामले में दिनांक 30/11/2025 को परिवादी श्री रवि मीना पुत्र श्री मुरारी लाल मीना, जाति मीना, निवासी दुब्बी बिदरखा, पुलिस थाना सूरवाल, जिला सवाई माधोपुर ने साइबर पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। परिवादी ने बताया कि पार्ट टाइम जॉब देने के नाम पर अज्ञात व्यक्ति ने उससे कुल 3,800 रुपये की राशि हड़प ली।
इस शिकायत पर भी थाना सूरवाल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परिवादी से ठगी गई कुल 3,800 रुपये की राशि होल्ड करवाई। संदिग्ध खातों से होल्ड करवाई गई राशि में से 3,150 रुपये परिवादी के खाते में रिफंड करवाए गए।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्री मुंशीलाल, उपनिरीक्षक तथा श्री हनुमाना राम, कांस्टेबल 1603 की विशेष भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों मामलों में पीड़ितों को ठगी की राशि का अधिकांश हिस्सा वापस मिल सका।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
