साइबर ठगी के खिलाफ सवाई माधोपुर साइबर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगे 5.50 लाख रुपये कराए रिफंड
सवाई माधोपुर साइबर थाना पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर हुई 7.42 लाख रुपये की साइबर ठगी में कार्रवाई करते हुए 5.50 लाख रुपये परिवादी के खाते में रिफंड कराए। आरोपी फरार हैं और शेष राशि की तलाश जारी है।

तस्वीर में सवाई माधोपुर साइबर थाने के पुलिसकर्मी और परिवादी चिरंजी लाल महाजन नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर साइबर थाना पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर की गई साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए परिवादी चिरंजी लाल महाजन के खाते में ठगी गई 5,50,000 रुपये की राशि रिफंड कराने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन तथा साइबर थाना प्रभारी जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में साइबर पुलिस टीम ने की।
प्रकरण के अनुसार परिवादी चिरंजी लाल महाजन निवासी चौथ का बरवाड़ा ने दिनांक 10-12-2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि दिसंबर 2025 में उसके मोबाइल टेलीग्राम एप्लीकेशन पर वर्क फ्रॉम होम के नाम पर घर बैठे लाखों रुपये कमाने का मैसेज प्राप्त हुआ था। वह अज्ञात साइबर ठगों के झांसे में आ गया और उनके कहने पर अलग-अलग खातों में करीब 7,42,000 रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी। इसके बाद टेलीग्राम पर प्राप्त मैसेज के अनुसार उसे कोई मुनाफा नहीं हुआ, तब उसे साइबर ठगी होने का अहसास हुआ। इसके बाद उसने तुरंत 1930 पर कॉल कर साइबर थाने में रिपोर्ट दी।
रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण संख्या 08/2025 धारा 318(4), 319(2), 61(2)(क) बीएनएस एवं 66सी, 66डी आईटी एक्ट में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के दौरान साइबर टीम ने तत्काल सभी अज्ञात खातों को डिटेक्ट कर संबंधित बैंकों के नोडल अधिकारियों से लगातार संपर्क किया और परिवादी से ठगी गई राशि को होल्ड करवाया। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब तक करीब 5,50,000 रुपये की राशि परिवादी चिरंजी लाल महाजन के खाते में रिफंड कराई जा चुकी है। शेष राशि को भी रिफंड कराने के प्रयास जारी हैं।
प्रकरण में साइबर ठगी करने वाले आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश और अनुसंधान में जुटी हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में श्री धर्मेन्द्र चौधरी, सउनि, साइबर पुलिस थाना जिला सवाई माधोपुर और श्री महेश चंद, कानि. 1409, साइबर पुलिस थाना जिला सवाई माधोपुर शामिल रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति वर्क फ्रॉम होम अथवा इन्वेस्टमेंट के नाम पर पैसे कमाने के लालच में आकर अपनी राशि ट्रांसफर न करे। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या राजस्थान साइबर हेल्प डेस्क नंबर 9256001930 और 9257510100 पर संपर्क करें।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
