सवाई माधोपुर में मानटाउन थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए पैसे दोगुना करने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई बोलेरो गाड़ी और दो एंड्रॉइड स्मार्टफोन जब्त किए हैं।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री विजय सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर श्री राजेन्द्र सिंह के सुपरविजन में थाना मानटाउन के पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार 19 अगस्त 2026 को श्री प्रेमप्रकाश सहायक उपनिरीक्षक मय टीम हरिसिंह कांस्टेबल 1133 और श्री अशोक कांस्टेबल 1357 ने ज्योति नर्सिंग होम के पास से एक साइबर ठग मनमोहन उर्फ मोनू मीना, उम्र 20 वर्ष, पुत्र श्री कैलाश प्रसाद मीना, निवासी रईथा कलां, थाना कुंडेरा, जिला सवाई माधोपुर तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को डिटेन कर थाने लाया। विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया, जबकि मनमोहन उर्फ मोनू मीना को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई बोलेरो गाड़ी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर RJ25 TA 3491 है, तथा दो एंड्रॉइड स्मार्टफोन जब्त किए हैं। मामले में प्रकरण संख्या 276/2026 धारा 318 (4), 319(2), 338, 336(3), 340(2), 112(2), 61(2) (ए) बीएनएस और 66डी IT Act के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से गहनता से अनुसंधान जारी है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और फर्जी चैनलों के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। आरोपी 'प्लस' एप्लीकेशन, व्हाट्सऐप, फेसबुक पर 'ROCKYBHAI' और इंस्टाग्राम पर 'rohit&chakeri&1' नाम से फर्जी चैनल और आईडी बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इन पर PANKAJ BHARDWAJ, PRANJAL TRADING COMPANY, MEHTA IS BACK, BALAJI MATKA SATKA और RAJ GOLDEN जैसे नामों से फर्जी चैनल बनाए गए थे।

आरोपियों द्वारा ग्राहकों को पैसे दोगुना करने के आकर्षक निवेश प्लान दिखाए जाते थे। 499 रुपये जमा करने पर 12,000 रुपये, 1,000 रुपये जमा करने पर 11,000 रुपये और 50,000 रुपये जमा करने पर 45 मिनट के भीतर 3.45 लाख रुपये तक वापस देने का झांसा दिया जाता था।

पीड़ितों को भरोसे में लेने के लिए 'VYAPAR' एप्लीकेशन से कूटरचित फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट भी साझा किए जाते थे। जब पीड़ित पैसे जमा कर देते थे, तो आरोपियों द्वारा GST चार्ज, विड्रॉल चार्ज और कमीशन चार्ज के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग की जाती थी। रकम ऐंठने के बाद यूजर को ब्लॉक कर दिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी अब तक कुल 30 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। आरोपी अपने साथियों अकरम और असलम निवासी दोबड़ा तथा मानसिंह निवासी जोला के जरिए कोटा और अन्य जगहों से उपलब्ध कराए गए फर्जी सिम कार्ड तथा म्युल (Mule) बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे।

इस कार्रवाई में कांस्टेबल श्री अशोक 1357 की अहम भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सुनील कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी थाना मानटाउन, श्री प्रेमप्रकाश सहायक उपनिरीक्षक थाना मानटाउन, श्री सुरजपाल हेड कांस्टेबल 1244 थाना मानटाउन, श्री अशोक कांस्टेबल 1357 थाना मानटाउन और श्री हरिसिंह कांस्टेबल 1133 थाना मानटाउन शामिल रहे। पुलिस की जांच और पूछताछ के जरिए साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का अनुसंधान जारी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story