सवाई माधोपुर: 45 मिनट में पैसा डबल करने का झांसा देने वाला साइबर ठग गिरफ्तार
मानटाउन थाना पुलिस ने फर्जी सोशल मीडिया चैनल बनाकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी विकास मीणा को एक एंड्रॉयड मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।

सवाई माधोपुर जिले के मानटाउन थाना पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम और इंस्टाग्राम पर पैसे डबल करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी चैनलों के माध्यम से लोगों को 45 से 60 मिनट में रकम कई गुना बढ़ाने का लालच देकर ठगी करता था और बाद में पीड़ितों को ब्लॉक कर देता था।
जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक शहर श्री उदय सिंह के सुपरविजन में थाना मानटाउन पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना मानटाउन के थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में साइबर ठगों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया गया।
दिनांक 27 मई 2026 को श्री मदनलाल विश्नोई सउनि मय जाप्ता अमिताभ कानि 1082 एवं अशोक कानि 1357 ने सरकारी वाहन से कार्रवाई करते हुए विकास कुमार पुत्र बाबूलाल उम्र 22 वर्ष जाति मीणा निवासी मऊ थाना सूरवाल जिला सवाई माधोपुर को आदर्श नगर क्षेत्र से डिटेन कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम और टेलीग्राम एप्लीकेशन पर “SHUSHANT ARORA” तथा “MONEY EARNING” नाम से फर्जी चैनल बना रखे थे। इन चैनलों पर “2000 के बदले 8000”, “10000 के बदले 40000” और “50000 के बदले 2 लाख रुपये” मात्र 45 से 60 मिनट में देने जैसे झूठे ऑफर पोस्ट किए जाते थे। लोगों का भरोसा जीतने के लिए आरोपी “व्यापार” (Vyapar) ऐप के जरिए फर्जी पेमेंट ट्रांसफर के स्क्रीनशॉट तैयार करता था।
पुलिस के अनुसार जब कोई व्यक्ति आरोपी के झांसे में आकर निवेश करता था तो उससे GST चार्ज, विड्रॉल चार्ज और कमीशन चार्ज के नाम पर अतिरिक्त रकम वसूली जाती थी। रकम मिलने के बाद आरोपी पीड़ित को ब्लॉक कर देता था। आरोपी के मोबाइल नंबर की राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर जांच करने पर उसके खिलाफ पहले से एक साइबर शिकायत संख्या 31605260088211 दर्ज मिली। इस मामले का पीड़ित मोहम्मद अब्दुर रज्जाक निवासी मराठाहल्ली, बैंगलोर कर्नाटक है, जिससे आरोपी ने इसी प्रकार ठगी की थी।
उक्त कार्रवाई के संबंध में आरोपी के विरुद्ध प्रकरण संख्या 182/2026 में धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस एवं 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया कि कार्रवाई में अशोक कानि 1357 की विशेष भूमिका रही। कार्रवाई में थाना मानटाउन के थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता, सउनि मदनलाल विश्नोई, साइबर सेल सवाई माधोपुर के साइबर हैड कानि महेंद्र, राजकुमार कानि, हरिसिंह कानि 1133, अशोक कानि 1357 तथा अमिताभ कानि 1082 शामिल रहे।
सवाई माधोपुर पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से बढ़ रही ऑनलाइन ठगी के बीच यह कार्रवाई ऐसे गिरोहों पर कड़ा संदेश मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
