सवाई माधोपुर जिले में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना मानटाउन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के जरिए लोगों को पैसे दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाले शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से साइबर ठगी की कमाई से खरीदी गई बोलेरो गाड़ी और वारदात में प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजयसिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर श्री उदय सिंह के सुपरविजन में थाना मानटाउन प्रभारी श्री सुनील कुमार गुप्ता पु.नि. के नेतृत्व में साइबर ठगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान दिनांक 16 मई 2026 को श्री राजेश खन्ना स.उ.नि. मय टीम ने साइबर ठग विक्रम उर्फ खन्नू पुत्र टीकाराम, उम्र 24 वर्ष, जाति मीना निवासी रॉवल थाना कुण्डेरा जिला सवाई माधोपुर को जनरल अस्पताल सवाई माधोपुर से डिटेन कर थाने पर गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर “kittumeena896” तथा टेलीग्राम प्लस ऐप पर “KM” नाम से आईडी संचालित कर रहा था। इसके अलावा आरोपी “TRADE WITH RADHESHYAM” नाम से चैनल चलाकर लोगों को ₹2,000 के बदले ₹10,000 तथा ₹50,000 के बदले ₹1.5 लाख देने का लालच देता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी फर्जी स्क्रीनशॉट तैयार कर उन्हें निवेश के लिए उकसाता था।

जब कोई व्यक्ति झांसे में आकर निवेश कर देता, तो आरोपी उससे GST चार्ज, विड्रॉल चार्ज और कमीशन चार्ज के नाम पर अतिरिक्त रकम ऐंठता था। रकम प्राप्त होने के बाद आरोपी पीड़ितों को ब्लॉक कर संपर्क समाप्त कर देता था। जांच के दौरान साइबर पोर्टल पर आरोपी के बैंक खाते के विरुद्ध अहमदाबाद, गुजरात के एक पीड़ित से ₹42,000 तथा पिंपरी चिंचवाड़, महाराष्ट्र के पीड़ित से ₹5,000 की साइबर ठगी की शिकायतें NCRP पोर्टल पर दर्ज पाई गईं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बोलेरो गाड़ी रजिस्ट्रेशन नंबर RJ25 UA 5885 तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन विधिवत जब्त किया है। पुलिस के अनुसार बोलेरो वाहन साइबर ठगी की कमाई से खरीदा गया था। मामले में आरोपी के विरुद्ध प्रकरण संख्या 173/2026 में धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2), 112(2), 81(2)(1) बीएनएस एवं 68 डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी से गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना मानटाउन प्रभारी श्री सुनील कुमार गुप्ता, श्री राजेश खन्ना स.उ.नि., साइबर सैल के श्री महेन्द्र, श्री राजकुमार, थाना मानटाउन के कांस्टेबल हरिसिंह तथा अशोक की विशेष भूमिका रही। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच मानटाउन पुलिस की यह कार्रवाई ऑनलाइन निवेश के नाम पर सक्रिय साइबर गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story