सवाई माधोपुर में सोशल मीडिया और फर्जी ट्रेडिंग चैनलों के जरिए लोगों को निवेश पर पांच गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले 19 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मानटाउन थाना पुलिस और जिला विशेष टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए तीन महंगे स्मार्टफोन और ठगी की रकम से खरीदी गई हुंडई वेन्यू कार जब्त की गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर नेहा अग्रवाल और पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर राजेंद्र कुमार की निगरानी में मानटाउन थाना अधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मानटाउन थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जुगलराज पुत्र रतनलाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी घुड़ासी, थाना कोतवाली, सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को जिला विशेष टीम के हेड कांस्टेबल गंभीर सिंह मय जाप्ता ने घुड़ासी रोड स्थित सौरभ आईटीआई कॉलेज के पास एक चाय की थड़ी से संदिग्ध युवक जुगलराज को दस्तयाब किया था। मौके पर पूछताछ और थाने में दस्तावेजों की जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में Plus और Telegram एप्लीकेशन पर MAKING MONEY PROFIT TRADERS तथा पंकज भारद्वाज ट्रेडिंग नाम से फर्जी चैनल संचालित होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए तीन महंगे स्मार्टफोन VIVO V30 Pro, VIVO V60 और iPhone 17 Pro जब्त किए हैं। तीनों मोबाइल सीलबंद कर मालखाने में जमा करवाए गए हैं। इसके अलावा ठगी की अवैध रकम से खरीदी गई सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार भी जब्त की गई है। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर RJ25 CB 6525 है।

इस कार्रवाई के संबंध में आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 380/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2), 112(2), 61(2)(A) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत प्रकरण दर्ज कर गहन अनुसंधान किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया और विभिन्न ट्रेडिंग चैनलों के माध्यम से भोले-भाले लोगों को निवेश पर पांच गुना मुनाफा देने का लालच देता था। वह 2,000 रुपये के बदले 10,000 रुपये, 5,000 रुपये के बदले 25,000 रुपये और 1 लाख रुपये के बदले 5 लाख रुपये तक मुनाफा देने का दावा करता था। इसके लिए वह लोगों को 45 मिनट के भीतर अच्छा रिटर्न देने का संदेश भेजकर निवेश के लिए प्रेरित करता था। उसका संदेश था, "I CAN ONLY DO THE TRADING FOR YOU TO PAY GOOD AMOUNT IN RETURN WITHIN 45 MINUTES"।

ठगी की इस प्रक्रिया में फर्जी स्क्रीनशॉट तैयार करने के लिए Vyapar एप्लीकेशन के साथ विभिन्न बैंक खातों और Paytm तथा PhonePe जैसे यूपीआई माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था। लोगों से रकम ऐंठने के बाद आरोपी जीएसटी चार्ज, विड्रॉल चार्ज और कमीशन के नाम पर बार-बार पैसे वसूलता था। अंत में पीड़ित ग्राहकों को ब्लॉक कर दिया जाता था।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने ठगी की रकम से खरीदी गई हुंडई वेन्यू कार के जरिए अपनी पहचान छिपाने और कुर्की से बचने का प्रयास किया। इसके लिए उसने अपने जीजा के मामा उम्मेद मीना के नाम पर 4 लाख रुपये नकद जमा करवाकर कार खरीदी थी।

इस संयुक्त कार्रवाई में मानटाउन थाना अधिकारी सुनील कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल दयाराम (325), जिला विशेष टीम के हेड कांस्टेबल गंभीर सिंह (1299), मानटाउन थाने के कांस्टेबल हरिसिंह (1133), जिला विशेष टीम के कांस्टेबल जितेंद्र (248), राजाराम (1049) और राजपाल (1426) शामिल रहे।

पुलिस आरोपी से ठगी के नेटवर्क, फर्जी ट्रेडिंग चैनलों और लेनदेन से जुड़े पहलुओं पर गहन पूछताछ एवं अनुसंधान कर रही है। कार्रवाई में तीन स्मार्टफोन और कार की जब्ती के साथ ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों को पांच गुना मुनाफे का लालच देकर ठगने का तरीका भी सामने आया है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story