सवाई माधोपुर के कोतवाली थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में वांछित आरोपी मनराज मीणा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने म्यूल अकाउंट के जरिए करीब 26.12 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की थी और साइबर पोर्टल 1930 पर उसके विरुद्ध 06 शिकायतें दर्ज थीं। आरोपी घटना के बाद से ही लगभग ढाई माह से फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर सुश्री ज्यैष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीना और पुलिस उपाधीक्षक शहर उदयसिंह मीना के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई अमल में लाई गई। कोतवाली थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने एक सटीक सूचना पर आरोपी मनराज मीणा पुत्र राजाराम मीना (उम्र 25 वर्ष), निवासी गंभीरा, थाना कोतवाली सवाई माधोपुर को खेरदा पुलिया के नीचे से गिरफ्तार किया।

घटनाक्रम के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से म्यूल अकाउंट्स की एक सूची कोतवाली थाना पुलिस को प्राप्त हुई थी। बैंक रिकॉर्ड के अवलोकन और गहन जांच में यह पाया गया कि आरोपी मनराज मीणा के बैंक खातों पर साइबर पोर्टल 1930 पर कुल 06 शिकायतें दर्ज हैं। इस आधार पर 14 मार्च 2026 को कोतवाली थाने में प्रकरण संख्या 91/26, धारा 319(2), 318(4) बीएनएस-2023 एवं 66-डी आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। आरोपी इस घटना के बाद से लगातार फरार था, जिसे 28 मई 2026 को पुलिस टीम ने दबोच लिया। मामले में फिलहाल अनुसंधान जारी है।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कोतवाली थानाधिकारी मदनलाल मीणा, हेड कांस्टेबल हम्मीर सिंह, कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल सीताराम शामिल रहे, जिनकी इस गिरफ्तारी में मुख्य भूमिका रही। सवाई माधोपुर कोतवाली पुलिस की ओर से साइबर अपराधियों के विरुद्ध यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story