सवाई माधोपुर में करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा, डेढ़ साल से फरार दो स्थाई वारंटी आरोपी गिरफ्तार
सवाई माधोपुर के मानटाउन थाना पुलिस ने करोड़ों की साइबर ठगी से जुड़े डेढ़ साल से फरार दो स्थाई वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में फर्जी बैंक खातों और सोशल मीडिया नेटवर्क का खुलासा हुआ।

तस्वीर में सवाई माधोपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए साइबर ठगी के आरोपी (बाएं से दाएं) महेन्द्र कुमार और चौथमल सादे कपड़ों में खड़े नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर के मानटाउन थाना पुलिस ने सोशल मीडिया, फर्जी बैंक खातों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ साल से फरार चल रहे दो स्थाई गिरफ्तारी वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजयसिंह और पुलिस उपाधीक्षक शहर श्री राजेन्द्र कुमार मीना के सुपरविजन में थाना मानटाउन के थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को प्रकरण संख्या मुकदमा नम्बर 18/2025, धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2)(A) बीएनएस, 66C, D आईटी एक्ट, 13 आरपीजीओ तथा 66 डी आईटी एक्ट में वांछित चल रहे आरोपी महेन्द्र कुमार पुत्र स्वर्गीय रामहेत, उम्र 25 वर्ष, जाति मीना, निवासी दुब्बी थाना सूरवाल जिला सवाई माधोपुर तथा चौथमल पुत्र श्री प्रकाश, उम्र 22 वर्ष, जाति मीना, निवासी हिंगोनी थाना कुण्डेरा जिला सवाई माधोपुर को ग्राम बजरिया से डिटेन किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को थाना मानटाउन लाकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि 16 जनवरी 2025 को तत्कालीन थानाधिकारी अवतार सिंह ने राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मानटाउन के सामने स्थित खाली मैदान से चेतनराज मीना और जितेश कुमार मीना को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि दोनों आरोपी फर्जी सिम कार्डों, टेलीग्राम चैनलों जैसे Virat Match Prediction और Jack Sparrow, इंस्टाग्राम तथा फेसबुक आईडी के माध्यम से लोगों को पैसा चार गुना करने का लालच देकर ठगी करते थे। इसके अलावा शेयर मार्केट में फर्जी एवं कूटरचित स्टेटमेंट भेजकर तथा कल्याण सट्टा सहित अन्य माध्यमों से लोगों से लाखों-करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की जा रही थी।
अनुसंधान के दौरान जब गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन और क्रोम ब्राउज़र की हिस्ट्री, जिसमें laser247-club जैसी वेबसाइट का उपयोग भी सामने आया, की जांच की गई तो खुलासा हुआ कि ठगी और अवैध सट्टे से प्राप्त राशि को विभिन्न लोगों के बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर किया जाता था। जांच में महेन्द्र कुमार और चौथमल के बैंक खाते भी इस नेटवर्क से जुड़े पाए गए, जिनमें ठगी की अवैध राशि के विड्रोल और लेन-देन का रिकॉर्ड मिला था। वारदात के बाद से दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस ने 17 जुलाई 2026 को दोनों आरोपियों को बजरिया से डिटेन कर गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में दोनों आरोपियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय ए.सी.जे.एम. न्यायालय सवाई माधोपुर द्वारा स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे, जिनकी तामील करते हुए यह कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना मानटाउन के थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता, कांस्टेबल अशोक 1357 तथा कांस्टेबल हरिसिंह 1133 शामिल रहे। पुलिस ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल हरिसिंह 1133 की अहम भूमिका रही।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
