सवाई माधोपुर के साइबर क्राइम थाने की टीम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार हुए परिवादी के 99,998 रुपये वापस उनके खाते में रिफंड करवाए हैं। श्री कैलाश चंद बिश्नोई, आईपीएस, पुलिस महानिरीक्षक, भरतपुर रेंज, भरतपुर एवं सुश्री ज्येष्ठा मैत्रयी, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक, जिला सवाई माधोपुर के निर्देशन में, श्री विजय सिंह, आर०पी०एस०, अति० पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर व श्री जयप्रकाश अटल, आर०पी०एस०, सी०ओ० साइबर थाना सवाई माधोपुर के निकटतम सुपरविजन में म्यूल हंटर अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना सवाई माधोपुर पर गठित टीम ने यह सफलता प्राप्त की है।

घटना का विवरण और बैंक से रिफंड की प्रक्रिया

दिनांक 23-02-2026 को परिवादी बाबूलाल प्रजापत निवासी धमुण खुर्द, जिला-सवाई माधोपुर ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई कि उनके एयू बैंक खाते से ऑटोमेटिक रुपये कट गए। अज्ञात साइबर ठग द्वारा परिवादी के वॉट्सएप पर योनो एसबीआई एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक किया गया था। साइबर क्राइम थाना सवाई माधोपुर पर शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित कार्यवाही कर उक्त शिकायत को एयू बैंक से अपडेट करवाया गया। परिवादी के खाते से द गायत्री को-ऑपरेटिव अर्बन बैंक लिमिटेड के बैंक खाते में उक्त राशि ट्रांसफर होने पर टीम ने द गायत्री को-ऑपरेटिव अर्बन बैंक लिमिटेड के नोडल अधिकारी से तुरंत संपर्क कर उक्त राशि को तुरंत होल्ड करवाया। अंततः फ्रॉड की गई राशि 99,998 रुपये को परिवादी के एयू बैंक के खाते में रिफंड करवाई गई।

पुलिस की आमजन से अपील और सुरक्षा सुझाव

साइबर ठगों के संबंध में पुलिस विभाग ने जनता को सचेत रहने की सलाह दी है। "आमजन से इसके लिए अपील की जाती है कि वॉट्सएप पर अनजान या किसी भी नंबर से आए हुए लिंक व एपीके फाइल को डाउनलोड नहीं करें।" साइबर ठगों के द्वारा लालच दिए जाने पर थोड़े से लालच या कमीशन के लिए उन्हें अपनी आईडी प्रूफ, बैंक खाते, मोबाइल सिम, सोशल मीडिया अकाउंट उपलब्ध नहीं कराएं। साथ ही फर्जी लॉटरी या पैसे डबल करने के लालच में नहीं आने की चेतावनी दी गई है। "फ्रॉड की शिकायत टोल फ्री नंबर 1930 पर भी कर सकते हैं।"

इस सराहनीय कार्य में शामिल पुलिस टीम

इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में श्री जयप्रकाश अटल, सीओ साइबर थाना सवाई माधोपुर, श्री महेश चंद जाट, कानि. 1409 साइबर क्राइम थाना सवाई माधोपुर तथा श्री अमन गुप्ता, सूचना सहायक साइबर क्राइम थाना सवाई माधोपुर शामिल रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story