गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने तथा देशभर में पूर्ण गौहत्याबंदी कानून लागू करने की मांग को लेकर चल रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत शुक्रवार को सीताराम जी के मंदिर में गोसेवकों के सानिध्य में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 27 जुलाई 2026 को सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम 1 लाख हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।

गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष एवं गौ सम्मान आह्वान अभियान के जिला प्रचारक गौ सेवक गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि अभियान के पहले चरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया जाएगा तथा लोगों से अधिक से अधिक हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान के काउंटर लगाए जाएंगे, जहां गौ सेवक लोगों से हस्ताक्षर करवाएंगे। बैठक में गौशालाओं के पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अधिक से अधिक लोगों को हस्ताक्षर अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई को बड़ी संख्या में गौ भक्त जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। गौ सेवा एवं गौ संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ता और गौ प्रेमी 27 जुलाई को सुबह 7 बजे बस द्वारा ज्ञापन देने के लिए रवाना होंगे। प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा जाएगा।

बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, देशभर में पूर्ण गौहत्या प्रतिबंध लागू करने, गौ सेवा के लिए केंद्रीय कानून एवं अलग मंत्रालय बनाने, गोचर बोर्ड की स्थापना करने, गौ सुरक्षा नीति लागू करने तथा गौ आधारित प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने की मांग रखी गई।

गौ सेवक गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए वर्ष 1966 से आंदोलन जारी है। बैठक में वर्ष 1966 से अब तक चले विभिन्न आंदोलनों, जनसहभागिता और उनके परिणामों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान अभियान का उद्देश्य केवल सम्मान दिलाना नहीं, बल्कि गौ माता की सुरक्षा और संवर्धन के लिए ठोस पहल तथा प्रभावी जन सहयोग सुनिश्चित करना भी है।

बैठक में कई संत भी उपस्थित रहे। सभी संतों ने समाज से 27 जुलाई के आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने तथा गौ संरक्षण के समर्थन में आवाज उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष गोविंद नारायण शर्मा, दयाराम शीलू, राजेंद्र थिरनी, समर सिंह, सुभाष अग्रवाल, रामजीलाल, मदन जोशी, कृपा शंकर उपाध्याय, विजय गोयल, गिरधारी गुप्ता, हुकुम सिंह, राजा राम सैनी, बी पाल यादव सहित दर्जनों गौ सेवक उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story