कॉपर केबल चोरी का खुलासा: रवांजना डूंगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया
रवांजना डूंगर पुलिस ने कॉपर केबल चोरी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की केबल बरामद की, अन्य वारदातों पर जांच जारी है।

तस्वीर में सवाई माधोपुर जिले के रवांजना डूंगर थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर जिले के रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने कुओं और ट्यूबवेलों से कॉपर की केबल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से परिवादीगण की चोरी हुई कॉपर की केबलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों से जिले में हुई चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है और इस संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।
यह कार्रवाई सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक, जिला सवाई माधोपुर के निर्देशन में, श्री विजयसिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर तथा श्री रामधन चौधरी पुलिस उप अधीक्षक, वृत्त ग्रामीण समा के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी श्यामसुन्दर, उ.नि., पुलिस थाना रवांजना डूंगर के नेतृत्व में गठित टीम के प्रभारी श्री बलवीर सिंह, स.उ.नि., मय टीम ने ग्रामवासियों से पूछताछ, गुप्त एवं एलानिया तौर पर मालूमात तथा मुखबिर खास की सूचना के आधार पर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बनवारी लाल मोग्या पुत्र सीताराम, जाति मोग्या, उम्र 25 साल, निवासी कैलाशपुरी, थाना रवांजना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर तथा भूरसिंह मोग्या पुत्र सीताराम, जाति मोग्या, उम्र 29 साल, निवासी कैलाशपुरी, थाना रवांजना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर को कस्बा फलोदी टोडरा से डिटेन किया। अनुसंधान के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से परिवादीगण की चोरी हुई कॉपर की केबलें बरामद की गईं।
घटना के संबंध में दिनांक 14.08.2026 को परिवादी मेघसिंह गुर्जर, रामकेश गुर्जर, सुरेश गुर्जर और रामजीलाल गुर्जर, निवासी दुमोदा, ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट पेश की। परिवादीगण ने बताया कि उनके गांव दुमौदा, कैलाशपुरी और हज्जामखेड़ी के हार में बने हुए कुओं एवं ट्यूबवेलों में लगी पानी की मोटरों से दिनांक 12.08.2026 की मध्य रात्रि को अज्ञात आरोपियों द्वारा कॉपर की केबलें चोरी कर ली गईं।
रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना हाजा पर मुकदमा नंबर 162/2026 धारा 303 (2) बीएनएस में पंजीबद्ध किया गया। मामले का अनुसंधान श्री बलवीर सिंह सउनि द्वारा किया गया। अनुसंधान के दौरान आरोपियों की तलाश के लिए थाना हाजा पर अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है। पुलिस को आरोपियों से जिले में हुई चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की भी संभावना है।
उक्त कार्रवाई में श्री हनुमान हैड कानि 43, पुलिस थाना रवांजना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर की अहम भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में श्री श्याम सुन्दर उ.नि., थानाधिकारी पुलिस थाना रवांजना डूंगर, श्री बलवीर सिंह सउनि, पुलिस थाना रवांजना डूंगर, श्री हनुमान हैड कानि 43, पुलिस थाना रवांजना डूंगर तथा श्री मोरपाल कानि 1096, पुलिस थाना रवांजना डूंगर शामिल रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
