धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा मामला: सवाई माधोपुर में कांग्रेस ने निकाला विजय मार्च और कैंडल मार्च
सवाई माधोपुर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस ने विजय मार्च और कैंडल मार्च निकाला। विधायक इंदिरा मीणा के नेतृत्व में छात्रों के समर्थन और NEET धांधली मुद्दे पर प्रदर्शन किया गया।

तस्वीर में सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के पास बामनवास विधायक इंदिरा मीणा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाथों में तख्तियां, तिरंगे और कैंडल लिए हुए विजय मार्च निकालते हुए देखा जा सकता है।
सवाई माधोपुर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के उपलक्ष्य में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विशाल विजय मार्च एवं कैंडल मार्च निकाला गया। बामनवास विधायक एवं जिला अध्यक्ष इंदिरा मीणा के नेतृत्व में निकले इस मार्च में सैकड़ों युवा छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
जिला कांग्रेस कमेटी, सवाई माधोपुर द्वारा आयोजित यह जुलूस सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर अम्बेडकर सर्किल तक पहुंचा। इस दौरान युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्र शक्ति के समर्थन में नारे लगाए।
अम्बेडकर सर्किल पहुंचने के बाद बामनवास विधायक इंदिरा मीणा एवं उपस्थित जनसमूह ने नीट (NEET) धांधली और पेपर लीक के कारण असमय दुनिया छोड़कर चले गए निर्दोष बच्चों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन रखा गया।
कांग्रेस मीडिया प्रभारी अमन खान ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह और जुलूस को संबोधित करते हुए बामनवास विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा केवल एक राजनीतिक घटनाक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों छात्रों, युवाओं और चिंतित अभिभावकों की एकजुट आवाज की ताकत का प्रतीक है।
विधायक इंदिरा मीणा ने कहा, "जब छात्र शक्ति न्याय की मांग को लेकर सड़क से जंतर-मंतर तक एकजुट होती है, तो सत्ता के अहंकार को झुकना ही पड़ता है। जंतर-मंतर पर डटे छात्रों के अटूट संघर्ष और हमारे नेता प्रतिपक्ष आदरणीय श्री राहुल गांधी जी के निरंतर नेतृत्व की बदौलत आज युवाओं को यह न्याय मिला है।"
उन्होंने देश के सभी युवाओं (Youth Icons) का धन्यवाद करते हुए 'छात्रों की गूंज' अभियान को आगे भी मजबूती के साथ जारी रखने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में छात्रों के न्याय और अधिकारों की आवाज बन चुका यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और जब-जब छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा, कांग्रेस हर मंच पर पुरजोर लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने युवाओं के हक, रोजगार और पारदर्शी परीक्षाओं के मुद्दे पर भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही।
विजय मार्च के दौरान "छात्र शक्ति जिंदाबाद", "राहुल गांधी जिंदाबाद" और "युवाओं की जीत हुई, तानाशाही की हार हुई" जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
इस जुलूस में देवपाल मीणा, मुकेश ब्लॉक अध्यक्ष सवाई माधोपुर, डॉ लुकमान, राजेंद्र पहाड़िया, सिराज खान, घनश्याम झाडोली, पवन बड़गोट्या सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
जारीकर्ता कांग्रेस मीडिया प्रभारी अमन खान, जिला - सवाई माधोपुर (राजस्थान)।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
