जिला कांग्रेस कमेटी सवाई माधोपुर की नवगठित जिला कार्यकारिणी में सिराज खान को जिला सचिव का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक बामनवास विधायक एवं जिला अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा मीणा के बोली स्थित निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इस नियुक्ति के लिए आभार और धन्यवाद व्यक्त किया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि सिराज खान को जिला सचिव बनाए जाने से संगठन को मजबूती मिलेगी तथा जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। इस दौरान विधायक एवं जिला अध्यक्ष इंदिरा मीणा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में हमेशा निष्ठावान और मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने नवनियुक्त जिला सचिव सिराज खान को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए नवगठित जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नवनियुक्त जिला सचिव सिराज खान ने शीर्ष नेतृत्व और जिला अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए दिन-रात कार्य करेंगे। इस अवसर पर सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सिराज खान की नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story