सवाई माधोपुर: कांग्रेस सेवादल का एक दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर आयोजित
प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह अडवाना ने केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना, आगामी जन आंदोलनों के लिए संगठन की मजबूती पर दिया जोर।

चौथ का बरवाड़ा में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के दौरान महात्मा गांधी का चित्र भेंट करते अतिथि और पदाधिकारी। (बाएं से दाएं: ज़िलाध्यक्ष संतोष स्वामी, राजेंद्र सिंह अडवाना, आर पी मीणा और अन्य नेता)।
सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा में शनिवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत की मंशानुसार जिला कांग्रेस सेवादल सवाई माधोपुर का एक दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कांग्रेस सेवादल नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले करते हुए संगठन को जन आंदोलनों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जोन प्रभारी राजेंद्र सिंह अडवाना ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान हालात के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है तथा राजस्थान सरकार केंद्र की “कटपुतली” बनकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने राज्य और देश को “आपात जैसे हालात” में पहुंचा दिया है। अडवाना ने कहा कि अब समय आ गया है कि सेवादल के “श्वेत सैनिक” सरकार के खिलाफ हर जन आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाएं।
शिविर के दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी आर पी मीणा ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं सवाई माधोपुर कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष संतोष स्वामी ने कहा कि सवाई माधोपुर सेवादल मजबूती के साथ आरएसएस तथा देश के भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब को तोड़ने वाली ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देगा।
बैठक में जिला कांग्रेस सेवादल की जिला कार्यकारिणी की सहमति से महिला कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष पद के लिए चंद्रकांला सैनी के नाम की अभिशंसा भी की गई। कार्यक्रम में सेवादल यंग ब्रिगेड जिलाध्यक्ष अनुज कुमार गौत्तम, भरतपुर संभाग कोऑर्डिनेटर ऋषि मीणा, महिला कांग्रेस सेवादल एवं यंग ब्रिगेड प्रभारी गुरुवचन वाल्मीकि, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत मीणा, जिला महासचिव सलीम मिर्जा और कुद्दूस खान सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस सेवादल चौथ का बरवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष शंकर लाल सैनी ने किया। प्रशिक्षण शिविर के जरिए कांग्रेस सेवादल ने संगठन विस्तार, राजनीतिक सक्रियता और आगामी जन आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी का स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
