सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट में 1 जून से शुरू होगा हेल्थ एटीएम
जिला कलक्टर कानाराम के निर्देशन में 'कलेक्टर्स हेल्थ कैफे' की पहल, कलेक्ट्रेट परिसर आने वाले नागरिकों को मिलेंगी 60 से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण सुविधाएं।

सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आमजन की सुविधा के लिए स्थापित किया गया अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम (दाएं) और यूआईटी सचिव गौरव बुढ़ानिया (बाएं)।
सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर अब केवल प्रशासनिक कार्यों का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि आमजन के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का भी आधुनिक केंद्र बनने जा रहा है। जिला कलक्टर कानाराम के निर्देशन में जिला परिषद सीईओ एवं नगर विकास न्यास सचिव गौरव बुढ़ानिया की अभिनव पहल पर 1 जून से कलेक्ट्रेट परिसर में अत्याधुनिक “कलेक्टर्स हेल्थ कैफे” प्रारंभ किया जाएगा।
एस्ट्रल फाउंडेशन एवं यूआईटी के संयुक्त सहयोग से स्थापित यह हेल्थ एटीएम आमजन को त्वरित एवं सहज स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। जिला प्रशासन के सहयोग से शुरू की जा रही यह पहल कलेक्ट्रेट परिसर को अधिक नागरिक हितैषी एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
जिला कलेक्ट्रेट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अब उनकी प्रतीक्षा अवधि का उपयोग स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता के लिए भी किया जा सकेगा। हेल्थ एटीएम के माध्यम से नागरिक कुछ ही मिनटों में अपने स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जांचें करा सकेंगे।
यह अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम 60 से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसके माध्यम से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन लेवल, पल्स रेट, बॉडी मास इंडेक्स (ठडप्), वजन, तापमान सहित विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की जांच की जा सकेगी। यह सुविधा लोगों को नियमित स्वास्थ्य निगरानी एवं संभावित बीमारियों की समय रहते पहचान में सहायक होगी।
हेल्थ एटीएम का ट्रायल सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है तथा इसे 1 जून से आमजन के उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल प्रशासनिक परिसरों को केवल कार्यालय नहीं, बल्कि जनसुविधा एवं स्वास्थ्य जागरूकता के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायी प्रयास साबित होगी।
यूआईटी सचिव आईएएस गौरव बुढ़ानिया ने बताया कि जिला कलेक्ट्रेट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं। ऐसे में प्रतीक्षा समय को जनहित में उपयोगी बनाते हुए स्वास्थ्य जांच सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि “कलेक्टर्स हेल्थ कैफे” के माध्यम से नागरिक बिना अतिरिक्त समय निकाले स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जांचें कर सकेंगे। प्रशासनिक परिसरों को अधिक संवेदनशील, उपयोगी एवं जनकल्याणकारी बनाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
