सवाई माधोपुर: विकास परियोजनाओं में देरी पर कलक्टर सख्त, दिए निर्देश
निर्वाचन कार्यों की तर्ज पर समयबद्धता से काम करने और समय सीमा पार कर चुकी परियोजनाओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट सभागार में विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते जिला कलक्टर।
सवाई माधोपुर। जिले में संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में हो रही देरी को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिला कलक्टर काना राम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आधारभूत विकास परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय परियोजनाओं को भी निर्वाचन कार्यों की तरह जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ पूरा करना होगा।
जिला कलक्टर काना राम बुधवार, 18 नवम्बर को जिले में संचालित एवं प्रक्रियाधीन महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए गठित प्रोजेक्ट ओवरसाइट कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने कहा कि आम चुनाव के दौरान विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में राजकीय कार्मिक एकजुट होकर जिम्मेदारियां निभाते हैं और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में सफलतापूर्वक संपन्न किए जाते हैं। इसी तरह यदि अधिकारी अपनी विभागीय परियोजनाओं को भी प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी और टीम भावना से काम करें, तो सभी विकास कार्य समय पर पूरे किए जा सकते हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पद के अहंकार से ऊपर उठकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में जलदाय, सड़क निर्माण, जल संसाधन, चिकित्सा शिक्षा, कृषि उद्यानिकी और नगरीय विकास विभागों से संबंधित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इनमें सूरवाल-कुश्तला बाईपास, लटिया नाले पर एलिवेटेड सड़क एवं सौन्दर्यकरण कार्य, मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के भवन निर्माण कार्य शामिल रहे।
इसके अलावा अमृत 2.0 योजना के तहत सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और बामनवास में चल रहे पेयजल एवं सीवरेज कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। ईसरदा और चम्बल प्रोजेक्ट्स से जुड़ी पेयजल एवं सिंचाई परियोजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। जिन परियोजनाओं की निर्धारित पूर्णता अवधि समाप्त हो चुकी है, उनके संबंध में नई समयसीमा पुनर्निर्धारित करने तथा संबंधित संवेदक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उपखण्ड अधिकारी सवाई माधोपुर शिवराज मीना, उपखण्ड अधिकारी बामनवास नीतू मीणा, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया सहित जलदाय, विद्युत, जल संसाधन, सार्वजनिक निर्माण और चिकित्सा शिक्षा विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
