जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में इन मुद्दों पर गहन समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन तथा अवैध खनन, निर्गमन एवं भंडारण पर नियंत्रण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने स्पष्ट कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का उपयोग नहीं करने से गंभीर जनहानि होती है। उन्होंने जिले में सघन हेलमेट एवं सीट बेल्ट अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस एवं परिवहन विभाग को नियमित प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए माहवार चालानों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

तकनीक आधारित उपायों पर जोर देते हुए कलक्टर ने आईआरडीए एप के उपयोग, इंटरसेप्टर वाहनों के संचालन तथा राजमार्गों पर उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध उड़नदस्तों द्वारा कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय मीना ने जानकारी दी कि पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशानुसार अप्रैल माह में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर गत वर्ष 197 कार्रवाई की तुलना में इस वर्ष सघन अभियान के तहत 2500 से अधिक चालान किए गए हैं। नशे में वाहन चलाने पर वर्ष 2025 में अप्रैल तक 68 चालान की तुलना में इस वर्ष 240 कार्रवाई की गई है। जिले में पहली बार शत-प्रतिशत ओवरस्पीड नियंत्रण के तहत ऑनलाइन इंटरसेप्टर के माध्यम से पिछले तीन दिनों में 94 चालान किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आपराधिक गतिविधियों पर रोक और आमजन की सुरक्षा के लिए लगभग 280 वाहनों से काली फिल्म हटाई गई है, जिससे दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में कमी आने की संभावना है।

जिला कलक्टर ने हम्मीर ब्रिज पर गड्ढों को भरने के लिए आगामी पांच दिवस में डामरीकरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध ढाबों को हटाने और राजमार्गों पर अनावश्यक वाहन खड़े नहीं होने देने को कहा। मोरेल, बनास सहित अन्य नदियों की रपटों पर वर्षा ऋतु से पूर्व प्रोटेक्शन पिलर, रेलिंग, बैरिकेटिंग और साइनेज कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ट्रैफिक डायवर्ट कर आमजन को सूचित करने के निर्देश सीआई ट्रैफिक राकेश शर्मा को दिए गए।

अवैध खनन के विरुद्ध सख्ती दिखाते हुए कलक्टर ने पुलिस, खनन, वन और राजस्व विभाग को संयुक्त कार्रवाई कर दोषियों के विरुद्ध जप्ती और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला परिवहन अधिकारी को अवैध खनन में संलिप्त बिना नंबर वाले वाहनों, मशीनरी और तेज गति से चलने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हरिसिंह मीना, सीआई ट्रैफिक राकेश शर्मा, रिडकोर, खनन, वन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर सड़क सुरक्षा और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जनहानि और राजस्व हानि को रोका जा सके।

फोटो कैप्शन: 28 पीआरओ 5 बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते जिला कलक्टर काना राम।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story