सवाई माधोपुर। बिजली-पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार, 12 अक्टूबर को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। बैठक में राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, एचपीवी टीकाकरण अभियान, अवैध खनन पर नियंत्रण और पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर ने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों का गंभीरता से और निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए निस्तारित प्रकरणों का क्रॉस वेरिफिकेशन किया जाए और परिवादियों से फीडबैक लेकर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।

एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी से जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा विभाग के समन्वय से अभियान में तेजी लाने और 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया, ताकि अभियान के निर्धारित लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

अवैध खनन और खनिज निर्गमन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला कलक्टर ने पुलिस तथा संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने और आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज कराने को कहा। बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर तथा अन्य वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पेट्रोल पंपों पर ऐसे वाहनों को ईंधन उपलब्ध कराने और खुले में पेट्रोल-डीजल भरने की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कहा गया।

पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर काना राम ने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में आवश्यकतानुसार जनरेटर और लाइटिंग की व्यवस्था करने तथा बिजली कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

जिला कलक्टर ने मतदान केंद्रों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर बिजली, प्रकाश तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का पहले से सत्यापन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजराम मीना सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत जनशिकायतों के निस्तारण, स्वास्थ्य सेवाओं, अवैध खनन पर नियंत्रण और पंचायती राज चुनाव-2026 के दौरान बिजली, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर प्रशासन का विशेष जोर रहा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story