ग्रामीण-शहरी सेवा शिविर 2026 की तैयारियां तेज, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप 12 जून से शुरू होने वाले शिविरों को लेकर जिला कलक्टर काना राम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश।

सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य टेबल पर बैठे जिला कलक्टर काना राम और दोनों ओर उपस्थित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी।
सवाई माधोपुर में 12 जून से 15 जुलाई तक प्रस्तावित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप आयोजित होने वाले इन शिविरों को प्रभावी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर काना राम ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा वर्षों से लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए आवश्यकतानुसार प्री-कैम्प गतिविधियों के माध्यम से मामलों का पहले से चिन्हीकरण भी किया जाए।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों में राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, चिकित्सा, पशुपालन, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सहकारिता, परिवहन, वन सहित कुल 22 विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं शहरी सेवा शिविरों में पट्टा, नामांतरण, भवन स्वीकृति, जन्म-मृत्यु पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत सहित नगरीय सेवाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
कलक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा शहरी सेवा शिविरों में दी जा रही विभिन्न शुल्क एवं ब्याज संबंधी विशेष छूटों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संबंधित विभागों को शिविर स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों और आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों की सफलता प्रशासन की सेवा-प्रभावशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
