सवाई माधोपुर, 19 मई। जिला कलक्टर काना राम ने मंगलवार को मलारना डूंगर उपखण्ड का दौरा कर तहसील कार्यालय के सभागार में आयोजित ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक व्यवस्थाओं का कड़ा रुख अपनाया। भीषण गर्मी के मद्देनजर उन्होंने आमजन को निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब हैंडपंपों को तत्काल प्रभाव से ठीक कराया जाए और सभी हैंडपंपों पर कंट्रोल रूम के नंबर अंकित करना अनिवार्य करें। बिजली विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि आपूर्ति संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप स्थापना को जन-आंदोलन के रूप में बढ़ावा दिया जाए।

जिला कलक्टर ने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई और आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य है। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डीएलपी सड़कों की मरम्मत का कार्य 15 जून तक पूर्ण करने की हिदायत दी गई। साथ ही, चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए छाया, शुद्ध पेयजल एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध हों।

आगामी 'हरियालो राजस्थान अभियान' की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर ने विभागवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए पौधारोपण स्थलों का चयन, गड्ढे खुदवाने और जियोटैगिंग के कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता और गति लाने के उद्देश्य से उन्होंने सभी कार्यालयों में ई-फाइल एवं ई-डाक प्रणाली को पूर्णतः डिजिटल करने पर बल दिया। बैठक के समापन पर जिला कलक्टर ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से निक्षय मित्र बनकर सहयोग करने की अपील की और निक्षय किट वितरण अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। इस समीक्षा बैठक में उपखण्ड अधिकारी संदीप कुमार बेरड़, विकास अधिकारी नरेंद्र मीणा सहित ब्लॉक स्तरीय अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story