जिला कलक्टर काना राम ने मौसमी बीमारियों को लेकर अधिकारियों को किया अलर्ट, दिए अहम निर्देश
सवाई माधोपुर में साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान जिला कलक्टर काना राम ने स्वाइन फ्लू, लम्पी संक्रमण, एचपीवी वैक्सीनेशन, खाद, बिजली-पानी और साफ-सफाई को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के जिला कलक्टर काना राम और अन्य अधिकारी कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर, 7 सितम्बर। जिला कलक्टर काना राम ने आमजन को मौसमी बीमारियों से बचाने के साथ बिजली, पानी, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मौसमी बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए पूरी तरह सजग रहने को कहा।
स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने स्वाइन फ्लू सहित अन्य संक्रमण से होने वाली बीमारियों के प्रति सतर्क रहने, संदिग्ध मरीजों का तय प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार करवाने तथा परिजनों के सैम्पल आदि की भी जांच करवाने के निर्देश दिए, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।
काना राम ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को जिले में पशुओं में लम्पी संक्रमण सहित अन्य बीमारियों को लेकर सतर्क रहने और आवश्यक टीकाकारण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में आवारा पशुओं में भी इस मौसम में संक्रमण फैलने की आशंका रहती है। ऐसे में नगरीय क्षेत्रों के अधिकारी और कार्मिक भी सतर्क रहें तथा संदिग्ध संक्रमित पशुओं की सूचना आवश्यक रूप से पशुपालन विभाग को दें।
जिला कलक्टर ने 14 वर्ष आयु की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन की आवश्यकता और इसके पूरी तरह सुरक्षित होने की समझाइश देने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने को कहा।
उन्होंने 15-29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं का माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के लक्ष्य को अभियान के तहत पूरा करने के निर्देश भी दिए।
काना राम ने अधिकारियों से बिजली-पेयजल की आपूर्ति तथा साफ-सफाई से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। कृषि विभाग को किसानों की मांग के अनुरूप यूरिया और डीएपी उवर्रकों के वितरण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिले की फसलों के लिए उवर्रकों की जरूरत का निर्धारण कर समय पर कृषि विभाग और वितरण एजेंसियों को सूचित किया जाए, ताकि किसानों को खाद की उपलब्ध में देरी न हो।
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने वर्षा जल के संचय एवं संरक्षण से जुड़े अभियानों, सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर परिषद और उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मोहित कासनिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
