सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि मानसून को देखते हुए शहर के सभी नालों की तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव की स्थिति पैदा न हो। इसके साथ ही उन्होंने जिले के सभी राजकीय विद्यालय भवनों का सुरक्षा परीक्षण कर सुरक्षा प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करने के निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग और शिक्षा विभाग को दिए। जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि जर्जर भवनों के संबंध में नियमानुसार तत्काल अनुशंसा प्रस्तुत की जाए, क्योंकि बच्चों और आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

बैठक में राज उन्नति कार्यक्रम, राजस्थान संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री जनसुनवाई और विभागीय योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति की जाए और पोर्टल पर विभागीय उपलब्धियों का अद्यतन सुनिश्चित हो। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी परिवाद को अनावश्यक लंबित न रखा जाए। पोर्टल पर सर्वाधिक लंबित शिकायतों के लिए उन्होंने तहसीलदार सवाई माधोपुर को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जल संरक्षण और भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए भी समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जैमिनी और एडीपीसी समसा दिनेश गुप्ता सहित जिले के समस्त अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story