सवाई माधोपुर, 1 जुलाई। जिला कलक्टर काना राम ने किसानों से जैविक तथा प्राकृतिक खेती पद्धतियों को अधिक से अधिक अपनाने और आगामी फसल सीजन में उन्नत बीज एवं खाद का उपयोग करने का आह्वान किया है। खरीफ फसल सीजन के दौरान रसायनिक खादों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए जिला कलक्टर ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित 'सहकार सप्ताह' के शुभारम्भ एवं 'कृषक सम्मान दिवस' समारोह को सम्बोधित करते हुए उन्होंने सहकारी समितियों तथा खाद-बीज विक्रेताओं को किसानों को जैविक उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।

जिला कलक्टर ने सहकारी समितियों के प्रबंधकों से अपने खाद-बीज काउंटरों पर उन्नत गुणवत्ता वाली खाद और बीज की बिक्री सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के उपरांत कृषि आदानों की मांग बढ़ने की स्थिति में समितियों और किसानों को अमानक बीज तथा घटिया खाद की बिक्री के प्रति पूर्णतः सचेत रहना होगा। काना राम ने सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकार सप्ताह के दौरान आमजन को प्रगतिशील खेती के प्रति जागरूक करने के साथ ही अधिक से अधिक किसानों को सहकारिता से जोड़ने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने सहकारी समितियों से सदस्य संख्या बढ़ाने, नई ग्राम सेवा सहकारी समितियों के गठन और कस्टम हायरिंग केन्द्रों पर उपलब्ध कृषि उपकरणों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा, जिससे समितियों के राजस्व में वृद्धि हो सके।

इस अवसर पर जिला कलक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना के तहत सहकारी बैंकों के माध्यम से ऋण लेकर घरेलू सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि सहकारी बैंकों द्वारा इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए ऋण देने की नई व्यवस्था शुरू की गई है, जिसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को कम-से-कम ब्याज दर पर उठाना चाहिए।

समारोह में जिला कलक्टर ने प्राकृतिक खेती एवं नवाचारों के लिए क्षेत्र के तीन प्रगतिशील किसानों को पुरस्कृत किया। साथ ही, केन्द्रीय जिला एवं ग्राम सेवा सहकारी समितियों के अध्यक्षों एवं व्यवस्थापकों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया और केन्द्रीय सहकारी बैंकों के नए ग्राहक किसानों को एटीएम कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान सरस डेयरी सवाई माधोपुर के उत्पादों के सूचना-पत्रक का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबन्ध निदेशक बिजेन्द्र कुमार शर्मा, सरस डेयरी के जिला प्रबन्ध संचालक सुरेश कुमार सैन, पूर्व उपसभापति राजेश गोयल, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में किसान एवं विभागीय अधिकारी-कार्मिक उपस्थित रहे।

Next Story