सवाई माधोपुर, 21 मई। सवाई माधोपुर के जिला कलक्टर कानाराम ने गुरुवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर की सड़कों पर साइकिल से भ्रमण कर शहर की सफाई एवं पेयजल व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, उपखंड अधिकारी गौरव मित्तल, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी बलजीत सिंह मीणा सहित नगर परिषद, पीडब्ल्यूडी एवं पीएचईडी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासनिक दल ने साइकिल द्वारा मीना कॉलोनी, गणेश नगर, महाराणा प्रताप कॉलोनी, ट्रक यूनियन चौराहा, मुख्य बाजार, पटेल नगर, रणथंभौर रोड एवं मंडी रोड होते हुए हम्मीर सर्किल तक का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। जिला कलक्टर ने बाजार में दुकानदारों और फल-सब्जी विक्रेताओं को सड़क पर कचरा न फैलाने और कचरा पात्रों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सड़क और चौपालों पर पेयजल का दुरुपयोग करते पाए गए लोगों को समझाइश देते हुए जिला कलक्टर ने जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेयजल एवं ईंधन की बचत वर्तमान समय की प्राथमिक आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसके प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

हम्मीर सर्किल पर जिला कलक्टर ने सफाई कर्मियों से संवाद कर क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सड़क पर फैला कचरा तुरंत हटवाकर उसे कचरा पात्र में डलवाया गया और संबंधित लोगों को भविष्य में स्वच्छता बनाए रखने के लिए पाबंद किया गया। इसके बाद महावीर पार्क पहुंचकर जिला कलक्टर ने मॉर्निंग वॉक पर आए नागरिकों से विद्युत, सफाई एवं पेयजल व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की।

जिला कलक्टर कानाराम ने कहा कि साइकिल से निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आमजन को ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इस पहल के माध्यम से उन्होंने ईंधन की बचत करने के साथ-साथ एक स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़ी समस्याओं और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story