सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम सख्त, परिवादों के समयबद्ध निस्तारण और योजनाओं की समीक्षा के दिए निर्देश
सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम ने समीक्षा बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल, हरियालो राजस्थान, स्वास्थ्य, पेयजल और उर्वरक व्यवस्था पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

तस्वीर में सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी टेबल के चारों ओर कुर्सियों पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर काना राम ने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, राजस्थान संपर्क पोर्टल, हरियालो राजस्थान अभियान, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन के परिवादों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी प्रकरणों का तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने 30 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं प्रतिदिन पोर्टल की समीक्षा करें तथा शिकायतों के समाधान की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग करें। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनसुनवाई, राजकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, लाइट्स पोर्टल एवं अन्य लंबित प्रकरणों की शीघ्र अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नकारात्मक समाचारों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावी फॉलोअप करने पर भी विशेष जोर दिया।
हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण, पौधों की जियो टैगिंग, उनकी सुरक्षा तथा नियमित सिंचाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा गतिविधियों, स्वच्छता अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के प्रत्येक प्रकरण की दैनिक समीक्षा, नियमित फॉलोअप तथा सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। बैठक में लाडो प्रोत्साहन योजना एवं कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान की प्रगति बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
पेयजल योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने नवनिर्मित योजनाओं के संचालन, जल उपभोक्ता समितियों को हस्तांतरण तथा नल-जल मित्रों के प्रशिक्षण की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं कृषि विभाग की समीक्षा में जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा उनकी अवैध आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण विकास विभाग को ग्राम पंचायत स्तरीय शिविरों में अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने, पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टियां सुनिश्चित करने तथा विभागीय उपलब्धियों एवं सफलता की कहानियों के नियमित प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण, निर्देशों की प्रभावी अनुपालना तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसीईओ शैलेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग आरके मीना, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरिसिंह, आयुक्त नगर परिषद दलीप पूनिया, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, संयुक्त निदेशक कृषि लखपत मीना, जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
